वढेरा-शशांक के अर्धशतक के बाद बराड़ के तीन झटकों से पंजाब किंग्स 10 रन से जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 May 2025 07:54 PM
वढेरा-शशांक के अर्धशतक के बाद बराड़ के तीन झटकों से पंजाब किंग्स 10 रन से जीता
ऑडियो सुनें

जयपुर. पंजाब किंग्स की टीम नेहाल वढेरा और शशांक सिंह के आतिशी अर्धशतकों के बाद बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बराड़ के तीन विकेट की बदौलत रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में राजस्थान रॉयल्स को 10 रन से हराकर प्लेऑफ के करीब पहुंच गई.

इस जीत से पंजाब किंग्स के 12 मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरह 17 अंक हो गए हैं. इससे वह 2014 के बाद पहली बार तालिका में शीर्ष दो स्थान की दौड़ में शामिल है. कोच रिकी पोंटिंग की टीम को प्लेऑफ स्थान सुनिश्चित करने के लिए महज एक और अंक की जरूरत है. पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए वढेरा (70 रन) और शशांक (नाबाद 59 रन) के आतिशी अर्धशतकों की बदौलत पांच विकेट पर 219 रन बनाए.

वढेरा ने महज 37 गेंद की पारी में पांच चौके और पांच छक्के जड़े. यह उनका आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है. उनके अलावा शशांक सिंह ने 30 गेंद की नाबाद पारी के दौरान पांच चौके और तीन छक्के जमाए. पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की जगह उतरे बराड़ ने गजब की गेंदबाजी की और 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए जिससे राजस्थान रॉयल्स की अपने घरेलू दर्शकों के सामने आखिरी मैच में जीत की उम्मीद पूरी नहीं हो सकी जबकि उसने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरूआत की थी.

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (50 रन) और ध्रुव जुरेल (53 रन) के अर्धशतक के बावजूद राजस्थान की टीम सात विकेट पर विकेट पर 209 रन ही बना सकी जबकि पावरप्ले में टीम इस आईपीएल में 89 रन बनाकर अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया.
दोनों सलामी बल्लेबाजों जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी (40 रन) ने पहले विकेट के लिए 29 गेंद में 76 रन की भागीदारी निभाकर अच्छी शुरूआत की.

इन दोनों के विकेट स्पिनर हरप्रीत बराड़ ने झटके. पांचवें ओवर में सूर्यवंशी इस गेंदबाज की गेंद को लांग ऑफ में भेजने के प्रयास में जेवियर बार्टलेट को कैच दे बैठे लेकिन 15 गेंद में उनकी चार चौके और चार छक्के जड़ित पारी से टीम अच्छी स्थिति में थी.
फिर जायसवाल ने अपना अर्धशतक पूरा ही किया था कि वह बराड़ की गुडलेंथ गेंद पर थकान भरा शॉट खेलकर मिचेल ओवेन के हाथों लपके गए. इस तरह राजस्थान रॉयल्स ने 8.4 ओवर में 109 रन पर दूसरा विकेट गंवाया.

सैमसन अच्छी फॉर्म में दिख रहे थे, लेकिन अजमतुल्लाह उमरजई ने उनकी 20 रन की पारी मार्को यानसेन के हाथों कैच करवाकर समाप्त की. रियान पराग (13 रन) के रूप में बराड़ को तीसरा विकेट मिला जो उनकी बैकलेंथ गेंद पर बोल्ड हुए. जुरेल (31 गेंद, तीन चौके, चार छक्के) और शिमरोन हेटमायर (11) पांचवें विकेट के लिए 24 गेंद में 37 रन बना चुके थे, पर उमरजई की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में हेटमायर आउट हो गए. पंजाब किंग्स के लिए मार्को यानसेन और अजमतुल्लाह उमरजई ने दो दो विकेट लिए.

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने तेज शुरुआत की, लेकिन दूसरे ओवर में प्रियांश आर्य (09) का विकेट गंवा दिया. इस सलामी बल्लेबाज ने तुषार देशपांडे (37 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर शिमरोन हेटमायर को आसान कैच दे दिया. पर प्रभसिमरन सिंह (21 रन, 10 गेंद) ने तेजी से खेलना जारी रखा और अगले ओवर में मफाका पर एक चौका और छक्का जड़ दिया. मिचेल ओवेन का आईपीएल पदार्पण दो गेंद में शून्य पर खत्म हुआ और पंजाब किंग्स ने लगातार विकेट गंवाये.

फिर खतरनाक दिख रहे प्रभसिमरन अगले ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए जब देशपांडे की गेंद को लेग साइड की ओर भेजने की कोशिश में विकेटकीपर और कप्तान संजू सैमसन के हाथों लपके गए. मैदानी अंपायर ने शुरू में उन्हें आउट नहीं दिया. लेकिन सैमसन ने रिव्यू लिया और फैसला पलट दिया गया. पर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर (30 रन) और वढेरा ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 44 गेंद में 67 रन की साझेदारी कर रन गति बरकरार रखी.

अय्यर 25 गेंद की पारी के दौरान शानदार फॉर्म में दिखे जिसमें पांच चौके शामिल थे. लेकिन अचानक अपना विकेट खो दिया जब रियान पराग की गेंद पर लांग ऑफ में यशस्वी जायसवाल को कैच थमा बैठे. वढेरा शानदार फॉर्म में थे लेकिन 12वें ओवर में 47 रन पर उन्हें जीवनदान मिला जब वानिंदु हसरंगा ने अपनी ही गेंद पर कैच छोड़ दिया. वढेरा ने मौके का फायदा उठाया और आकाश मधवाल को बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर चौका जड़कर 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अगली गेंद पर मधवाल को छक्का जड़ दिया.

वढेरा ने लेग साइड ही अपने अधिकांश चौके और छक्के लगाए. वढेरा की शानदार पारी तब खत्म हुई जब उन्होंने लगातार दो बार शॉट लगाने की कोशिश की लेकिन मधवाल की गेंद पर हेटमायर के हाथों लपके गए. अंत में अजमतुल्लाह उमरजई ने भी नौ गेंद में नाबाद 21 रन की पारी खेलकर अच्छा प्रदर्शन किया. देशपांडे के दो विकेट के अलावा क्वेना मफाका, रियान पराग और आकाश मधवाल को एक एक विकेट मिला.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu