
नयी दिल्ली. लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बिना शर्त समर्थन दिया है, क्योंकि हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत “उनके नेतृत्व की जीत” है. राजग के नेताओं ने बुधवार को सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री मोदी को सत्तारूढ. गठबंधन का नेता चुना और गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों व समाज के वंचित वर्गों की सेवा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया.
लोकसभा चुनावों में राजग को बहुमत मिलने के एक दिन बाद पासवान ने प्रधानमंत्री मोदी के आवास पर उनसे मुलाकात की थी.
बुधवार की बैठक के बारे में पूछे जाने पर पासवान ने पत्रकारों से कहा, “हमने कल की बैठक में प्रधानमंत्री और उनके नेतृत्व को अपना समर्थन दिया. हमने बिना किसी शर्त के विनम्रतापूर्वक उनका नेतृत्व स्वीकार कर लिया.” लोजपा (रामविलास) प्रमुख ने कहा, “और इसमें कोई शर्त नहीं हो सकती. यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व की जीत है. वह राजग को साथ लेकर चले, जिसकी वजह से गठबंधन को जीत मिली है.”



