जब भी दुष्प्रवृत्तियां प्रभावी हुई, सनातन धर्म ने हमेशा कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया है : योगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Oct 2023 07:33 PM
जब भी दुष्प्रवृत्तियां प्रभावी हुई, सनातन धर्म ने हमेशा कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया है : योगी
ऑडियो सुनें

गोरखपुर. उत्­तर प्रदेश के मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ ने सोमवार को कहा कि प्रत्येक काल और परिस्थिति में जब भी दुष्प्रवृत्तियां प्रभावी होती हुईं दिखाई दीं, तो सनातन धर्म ने हमेशा उन्हें चुनौती के रूप में स्वीकार किया और उनका सामना करते हुए लोक कल्याण, राष्ट्र कल्याण और मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया. योगी आदित्यनाथ ने आज यहां गोरक्षनाथ मन्दिर में कन्या पूजन के उपरान्त पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज महानवमी की तिथि तथा मां सिद्धिदात्री का दिन है.

गोरक्षपीठ के महंत एवं मुख्­यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”प्रत्येक सनातन धर्मावलम्बी कन्याओं के पूजन और अनुष्ठान आदि कार्यक्रमों के साथ जुड़ा है. सनातन धर्म ने सदैव मातृ शक्ति के सम्मान व उनके सशक्तीकरण पर जोर दिया और इसीलिए कुंवारी कन्­याओं का पूजन किया जाता है.” उन्होंने कहा, ‘यह हमारा सौभाग्य है कि हमें कन्याओं के पूजन व अनुष्ठान कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ. यह मातृ शक्ति के प्रति सम्मान और सशक्तीकरण का एक बहुत अच्छा एवं पवित्र माध्यम है.’ योगी ने कहा कि इस अवसर पर पूरे प्रदेश में नवदुर्गा पूजा के कार्यक्रम हर्षोल्लास और उमंग के साथ आयोजित किये जा रहे हैं. वहीं शासन स्­तर पर प्रभावी ढंग से मिशन शक्ति के चतुर्थ चरण का कार्यक्रम कुशलतापूर्वक आगे बढ. रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल विजयादशमी का पर्व है, यह धर्म, सत्य और न्याय की विजय का पर्व है. उन्­होंने कहा कि ‘देश और दुनिया में जहां कहीं भी सनातन धर्मावलम्बी हैं, वे बड़े उत्साह और उमंग के साथ प्रभु श्री राम की दुराचारी रावण पर विजय के महापर्व, विजयादशमी के आयोजन से जुड़ रहे हैं. देश-प्रदेश में जगह-जगह रामलीला सहित अनेक प्रकार के आयोजन इस अवसर पर हो रहे हैं.”

योगी ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें विश्वास है कि जगत जननी मां भगवती दुर्गा का आशीर्वाद प्रदेशवासियों को समाज की एकता, सशक्तिकरण और मातृ शक्ति के सम्मान के लिए प्रेरित करेगा.

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की अनेक योजनाएं नारी गरिमा के अनुरूप उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी हुई हैं. इन योजनाओं के प्रति जन जागरण और इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिशन शक्ति का चतुर्थ चरण प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu