खुदरा महंगाई घटने से रेपो दर में तीसरी बार कटौती की बढ़ी उम्मीद…

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 16 Apr 2025 11:37 AM
खुदरा महंगाई घटने से रेपो दर में तीसरी बार कटौती की बढ़ी उम्मीद…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: खुदरा महंगाई के मार्च, 2025 में घटकर करीब छह साल के निचले स्तर पर आने से रेपो दर में लगातार तीसरी बार कटौती की उम्मीद बढ़ी है। आरबीआई फरवरी, 2025 से अब तक रेपो दर दो बार में 0.50 फीसदी घटा चुका है।

इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा, खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतें घटने से मार्च में खुदरा महंगाई में क्रमिक आधार पर तेज गिरावट आई है। दूसरे अग्रिम अनुमान के तहत 2024-25 में रिकॉर्ड कृषि उत्पादन होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की होने वाली अगली तीन बैठकों में प्रमुख नीतिगत दर में 0.50 फीसदी की और कटौती हो सकती है। वहीं, मार्च के महंगाई के आंकड़ों ने जून में एमपीसी की होने वाली अगली बैठक में रेपो दर में 0.25 फीसदी की कटौती की उम्मीद बढ़ाई है। 

तेलंगाना में दर सबसे कम, यूपी में 3.01 फीसदी
राज्यों के लिहाज से तेलंगाना में खुदरा महंगाई की दर सबसे कम 1.06 फीसदी और केरल में सबसे अधिक 6.59 फीसदी रही। दिल्ली में यह 1.48 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 3.01 फीसदी, हिमाचल प्रदेश में 3.20 फीसदी, पंजाब में 3.65 फीसदी, उत्तराखंड में 3.78 फीसदी, हरियाणा में 3.81 फीसदी और जम्मू-कश्मीर में 4 फीसदी रही।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital