तेंदुलकर के लिए 2011 में विश्व कप जीता, अब वैसा ही इस टीम को कोहली के लिए करना चाहिये: सहवाग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Jun 2023 09:05 PM
तेंदुलकर के लिए 2011 में विश्व कप जीता, अब वैसा ही इस टीम को कोहली के लिए करना चाहिये: सहवाग
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि भारतीय टीम ने 2011 में जिस तरह से महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के लिए विश्व कप जीता था उसी तरह मौजूद टीम को आगामी विश्व कप विराट कोहली के लिए यादगार बनाना चाहिये. भारत ने 2011 में अपनी सरजमीं पर विश्व कप का खिताब जीता था और कोहली उस टीम का हिस्सा थे. टीम इसके बाद सिर्फ एक बार ही आईसीसी का कोई टूर्नामेंट (2013 में चैम्पियंस ट्रॉफी) जीत सकी.

आईसीसी ने मंगलवार को विश्व कप का कार्यक्रम जारी किया जिसका आगाज पांच अक्टूबर को अहमदाबाद में पिछले टूर्नामेंट के फाइनल खेलने वाले इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के मुकाबले से होगा. विश्व कप का फाइनल 19 नवंबर को खेला जायेगा. सहवाग ने आईसीसी के कार्यक्रम के इतर कहा, ” हमने वह विश्व कप तेंदुलकर के लिए खेला था. हमने विश्व कप जीता और यह सचिन पाजी के लिए शानदार विदाई थी.”

उन्होंने कहा, ” विराट कोहली (अब) सचिन तेंदुलकर के स्थान पर हैं. वह पूरे जुनून के साथ क्रिकेट खेलते हैं, दूसरों का ख्याल रखते हैं. हर कोई विराट कोहली के लिए इस विश्व कप को जीतना चाहता है.” इस पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज ने कहा, ” कोहली में कोई बदलाव नहीं आया है. वह हमेशा टीम को अपना शत प्रतिशत देते है. मुझे लगता है कि खुद विराट भी इस विश्व कप को जीतना चाहते है.” पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ” नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक लाख से अधिक लोग इस मैच को देखेंगे. विराट को पता है कि वहां की पिच का मिजाज कैसा होगा. मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि वह इस विश्व कप में रनों का अंबार लगायेंगे और भारत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे .”

उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भारत को जीत का दावेदार बताते हुए कहा, ” मुझे लगता है कि पाकिस्तान के खिलाफ दबाव की स्थिति से भारतीय टीम बेहतर तरीके से निपटती है. 1990 के दशक में पाकिस्तान की टीम दबाव झेलने के मामले में बेहतर थी लेकिन 2000 के बाद से भारतीय टीम इस मामले में बेहतर रही है. ” उन्होंने कहा कि विकेट अगर बल्लेबाजी के लिए अच्छी हुई तो इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करेंगी लेकिन अगर पिच से स्पिनरों को मदद मिली तो उनके बल्लेबाज संघर्ष करेंगे.

उन्होंने कहा, ” विदेशी खिलाड़ियों के मुकाबले उपमहाद्वीप के खिलाड़ियों को स्पिन खेलने का बेहतर अनुभव होता है.” उन्होंने उम्मीद जतायी कि लीग चरण के बाद भारत और पाकिस्तान की टीमें सेमीफाइनल या फाइनल में भिड़ सकती है. इन दोनों टीमों के अलावा अंतिम चार में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया का दावा मजबूत होगा. श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने कहा कि विश्व कप उपमहाद्वीप हो रहा है. इसलिए स्पिनरों की बड़ी भूमिका होगी. उन्होंने भी सहवाग की तरह सेमीफाइनल के लिए भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान को दावेदार बताया.

मुरलीधरन ने कहा, ”मैं भारत-इंग्लैंड मैच का इंतजार कर रहा हूं, यह एक कठिन मैच होगा. इंग्लैंड इस समय वास्तव में अच्छा खेल रहा है. मेरा मानना है कि घरेलू परिस्थितियों के कारण भारत का पलड़ा भारी होगा” उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में हालांकि इंग्लैंड के आदिल राशिद उनके पसंदीदा गेंदबाज होंगे.

उन्होंने कहा, ” भारत में उपमहाद्वीप की टीमों को पिच से मदद मिलेगी. अफगानिस्तान की बल्लेबाजी कमजोर है लेकिन उसके पास शानदार स्पिन गेंदबाज है. श्रीलंका और भारत भी इस मामले में पीछे नहीं है. ” श्रीलंका के इस विश्व कप विजेता ने कहा, ” भारत में मैं हमेशा मानता हूं कि उपमहाद्वीप से दो टीमों के फाइनल में पहुंचने की संभावना है. 1987 (जब इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल हुआ था.) उपहाद्वीप में पिछली बार दो सर्वश्रेष्ठ टीमें फाइनल में आईं और सर्वश्रेष्ठ टीम ने 2011 में जीत हासिल की.”

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह ने आयोजन स्थलों की घोषणा करते हुए कहा कि विश्व कप की शुरुआत ‘पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार’ गुवाहाटी से होगी. गुवाहाटी, तिरुवनंतपुरम और हैदराबाद के साथ अभ्यास मैचों की मेजबानी करेगा. उन्होंने कहा, ”भारत बनाम पाकिस्तान और विश्व कप फाइनल नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा, जो 132,000 की क्षमता वाला दुनिया का सबसे बड़ा खेल स्टेडियम है. कोलकाता और मुंबई में सेमीफाइनल होने जा रहे हैं.” उन्होंने कहा, ” भारत 12 साल के लंबे अंतराल के बाद विश्व कप की मेजबानी करेगा. हम 2021 में टी20 विश्व कप के मेजबान थे लेकिन कोविड-19 के कारण हमने इसे दुबई में आयोजित किया. हम विश्व कप को भारत में आयोजित कर के उत्साहित है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu