
मुंबई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम ने एक विवादास्पद बयान में कहा है कि उनकी पार्टी किसी भी ‘खान’ को मुंबई का महापौर नहीं बनने देगी. विवाद बढ़ता देख साटम ने बाद में स्पष्ट किया कि वह किसी विशेष समुदाय की नहीं बल्कि ‘राष्ट्र-विरोधी मानसिकता’ वाले लोगों की बात कर रहे थे.
साटम ने नगर निकाय चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा में बुधवार को कहा, ” हम किसी भी खान को मुंबई का महापौर नहीं बनने देंगे.” भाजपा नेता का यह बयान ऐसे समय में आया है जब न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने जीत हासिल की है.
विवादास्पद टिप्पणी पर स्पष्टीकरण मांगे जाने पर भाजपा नेता ने कहा, ”जब मैं खान कहता हूं, तो मैं एक मानसिकता की बात कर रहा हूं. मैंने 17 सितंबर को भी यही कहा था, और मैं मुंबईवासियों को इसके बारे में आगाह करता रहा हूं. यही मानसिकता पाकिस्तानी झंडे लहराती है. मैं मुंबईवासियों को उस मानसिकता के खिलाफ चेतावनी दे रहा हूं जो रैलियों में पाकिस्तानी झंडे लेकर घूमती है, जहां बम विस्फोट का एक आरोपी किसी खास उम्मीदवार के लिए प्रचार करता है. यह एक विभाजनकारी और कट्टरपंथी मानसिकता है. मैं उन खानों की बात कर रहा हूं जो राष्ट्र-विरोधी हैं.”
किसी विशिष्ट समुदाय को निशाना बनाने के आरोपों को खारिज करते हुए साटम ने कहा, ”यह नफरत किसी समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि राष्ट्र-विरोधी और कट्टरपंथी तत्वों के खिलाफ है, जो पाकिस्तान से सहानुभूति रखते हैं या भारत को कमजोर करने की कोशिश करते हैं. हम ऐसी ताकतों से लड़ते रहेंगे. ”



