संसद निर्माण में लगे श्रमिकों का रहा बड़ा योगदान, डिजिटल बुक में होगा उनका पूरा परिचय: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Sep 2023 09:03 PM
संसद निर्माण में लगे श्रमिकों का रहा बड़ा योगदान, डिजिटल बुक में होगा उनका पूरा परिचय: मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नये संसद भवन के निर्माण में शामिल रहे श्रमिकों और इंजीनियर का आभार जताते हुए मंगलवार को कहा कि संसद में नयी परंपरा के तहत रखी गई एक डिजिटल बुक में इन श्रमिकों का पूरा परिचय होगा. मोदी ने नये संसद भवन में कार्यवाही के पहले दिन लोकसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नये भवन के निर्माण में शामिल रहे श्रमिकों, इंजीनियर और कामगारों के प्रति धन्यवाद जताया और कहा कि उन्होंने कोरोना काल में भी लगातार काम करके इस बहुत बड़े सपने को पूरा किया है.

उन्होंने कहा, ”कोरोना काल में भी श्रमिकों ने जिस लगन से यह काम किया है, उसके लिए हमें उनका धन्यवाद देना चाहिए. जब निर्माण कार्य चल रहा था तब मुझे उनके बीच बार-बार आने का मौका मिलता था. मैं उनके स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए भी उनसे मिलने आता था. ऐसे समय में भी उन्होंने इस बहुत बड़े सपने को पूरा किया है.” मोदी ने कहा कि नई संसद के निर्माण के लिए 30 हजार से अधिक श्रमिकों ने पसीना बहाया है और यह भावी पीढि.यों के लिए उनका बहुत बड़ा योगदान है.

उन्होंने कहा, ”आज हम सब हमारे श्रमिकों, कामगारों, हमारे इंजीनियर का हृदय से धन्यवाद करें. इस अवसर पर 140 करोड़ देशवासियों की ओर से, लोकतंत्र की महान परंपरा की ओर से श्रमिकों का अभिनंदन.” मोदी ने बताया कि संसद भवन में एक नई परंपरा शुरू करते हुए एक डिजिटल बुक रखी गई है, जिसमें इन श्रमिकों का पूरा परिचय रखा गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu