विश्व सुंदरी कैरोलिना बिलावस्का एक दिवसीय यात्रा पर आएंगी कश्मीर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Aug 2023 07:05 PM
विश्व सुंदरी कैरोलिना बिलावस्का एक दिवसीय यात्रा पर आएंगी कश्मीर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/श्रीनगर. मौजूदा विश्व सुंदरी कैरोलिना बिलावस्का एक कार्यक्रम के लिए सोमवार को कश्मीर की एक दिवसीय यात्रा पर आएंगी. महिला सशक्तिकरण के लिए काम करने वाली मुंबई की एक संस्था की अध्यक्ष रुबल नेगी के अनुसार, बिलावस्का, मिस वर्ल्ड इंडिया सिनी शेट्टी और मिस वर्ल्ड कैरेबियन एमी पेना सहित अन्य विजेताओं के साथ यहां आएंगी.

नेगी ने कहा, ”अगर धरती पर कहीं स्वर्ग है, तो यहीं है, यह यहीं है…. और यह कैसे संभव है कि मिस वर्ल्ड यहां आने चूक जाएं.” नेगी, रुबल नेगी आर्ट फाउंडेशन एंड स्टूडियो सक्षम की प्रमुख हैं. यह आयोजन भारत में पीएमई मनोरंजन के अध्यक्ष जमील सईदी और जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है.

बिलावस्का की जम्मू-कश्मीर यात्रा इस साल के अंत में भारत में आयोजित होने वाली मिस वर्ल्ड 2023 प्रतिस्पर्धा के 71वें संस्करण से पहले हो रही है. भारत ने छह बार यह प्रतिष्ठित ताज अपने नाम किया है. भारत लगभग तीन दशकों के बाद इस प्रतिस्पर्धा की मेजबानी करने जा रहा है. इसने पिछली बार 1996 में इस कार्यक्रम की मेजबानी की थी.

जम्मू-कश्मीर प्रशासन में पर्यटन सचिव सैयद आबिद रशीद शाह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कार्यक्रम से पहले मिस वर्ल्ड प्रतिस्पर्धा की विजेता का यह दौरा उस क्षेत्र में हो रहा है, जहां कुछ महीने पहले जी20 पर्यटन कार्यकारी समूह की बैठक हुई थी.
शाह ने कहा, ”जम्मू-कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र में आयोजित जी20 कार्यक्रम से एक महत्वपूर्ण बदलाव आया है. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व रखने वाले प्रमुख कार्यक्रम का आयोजन यहां किया जा रहा है.”

उन्होंने कहा कि इस साल के रुझानों को देखते हुए हम रिकॉर्ड संख्या में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह के पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद कर रहे हैं. दिन भर की अपनी यात्रा के दौरान, मिस वर्ल्ड और मिस वर्ल्ड अमेरिका श्री सैनी, मिस वर्ल्ड इंग्लैंड जेसिका गागेन, और मिस एशिया प्रीसिलिया कार्ला एस युल्स डल झील में नौका विहार भी करेंगी. वे प्रेस से मिलेंगी और बाद में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी मुलाकात करेंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu