लखनऊ. केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के ठाकुरगंज के बेगरिया स्थित आवास पर शुक्रवार तड़के जुआ खेलने के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है .
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) आकाश कुलहरि ने शुक्रवार की शाम पत्रकार वार्ता में बताया कि ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के कन्हैया माधोपुर वार्ड बेगरिया फरीदीपुर निवासी विकास श्रीवास्तव की तहरीर मिली कि शुक्रवार को तड़के विकास किशोर (केन्द्रीय मंत्री के पुत्र) के आवास पर उनके भाई विनय श्रीवास्तव (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है.
कुलहरि ने बताया कि इसकी जांच के दौरान मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. पूछताछ में तीनों ने घटना कारित करना स्वीकार किया जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल केंद्रीय मंत्री के बेटे विकास किशोर उर्फ आशू का है, जिसे बरामद कर लिया गया है.
उन्होंने कहा कि इसके लाइसेंस निरस्तीकरण के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, इसके अलावा एक अदद खोखा कारतूस, एक अदद डीबीआर सीसीटीवी, ताश के 52 पत्ते और दो हजार रुपये बरामद किये गये हैं. उन्होंने बताया कि बरामद सामग्री को स्थानीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है.
उन्होंने बताया कि मामले के आरोपी अजय रावत, अंकित वर्मा और शमीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किये गये तीनों आरोपी लखनऊ के रहने वाले हैं. मामले में विकास श्रीवास्तव की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
कुलहरि ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही सभी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का भौतिक निरीक्षण किया गया और अपराध के दृश्य को सुरक्षित करते हुए फिंगरप्रिंट यूनिट, फील्ड यूनिट एवं श्वान दस्ते की मदद से वैज्ञानिक विधियों के द्वारा घटना का परीक्षण किया गया.
अधिकारी ने घटना का ब्यौरा देते हुए कहा कि चार टीमों का गठन कर उपरोक्त तीनों आरोपियों से पूछताछ की गयी तो यह जानकारी मिली कि घटना के पूर्व विकास किशोर उर्फ आशू के घर विनय, गिरफ्तार आरोपियों तथा दो अन्य सौरभ रावत और अरुण प्रताप सिंह उर्फ बंटी के साथ जुआ खेल रहा था.
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि जुआ खेलने से पहले सभी लोगों ने शराब पिया और जुआ खेलने के क्रम में विनय श्रीवास्तव करीब 12 हजार रुपये हार गया. कुछ समय बाद अंकित वर्मा, अजय रावत व शमीम के कहने पर जुआ बंद हो गया. उन्होंने बताया कि सौरभ रावत और अरुण प्रताप मौके से जुए की रकम लेकर चले गये. उन्होंने कहा कि विनय इस बात को लेकर अजय, अंकित और शमीम से नाराज हो गया और यह आरोप लगाया कि उनलोगों ने योजनाबद्ध तरीके से जुए का खेल बंद करा दिया.
उन्होंने बताया कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, इस पर तीनों आरोपी उत्तेजित हो गये और विनय से हाथापाई करने लगे. अधिकारी ने बताया कि इस दौरान मारपीट और खींचतान में विनय का शर्ट फट गया, इस पर वह आक्रामक हो गया. पुलिस अधिकारी ने कहा कि वाद-विवाद ज्यादा बढ़ गया और तब बेड पर तकिये के नीचे रखी हुई विकास किशोर की लाइसेंसी पिस्तौल झपट कर अंकित ने निकाल लिया और तीनों ने मिलकर विनय श्रीवास्तव को पकड़ लिया.
उन्होंने बताया कि अंकित ने उसके माथे पर गोली मार दी, जिससे मौके पर ही विनय की मौत हो गयी, तीनों आरोपियों ने घटनाक्रम को समान रूप से स्वीकार किया है. कुलहरि ने एक सवाल के जवाब में कहा कि घटना के समय विकास किशोर मौजूद नहीं थे. वह (बृहस्पतिवार) शाम को ही चार बजे की उड़ान से दिल्ली चले गये थे. उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं की विधिवत छानबीन की जा रही है.
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी चेकिंग टीम को घटनास्थल वाले घर में लगे सीसीटीवी फुटेज से यह साक्ष्य प्राप्त हुए कि घटना के समय विनय, अजय रावत, अंकित वर्मा व शमीम वहां मौजूद थे. घटना के कुछ ही समय पहले सौरभ रावत एवं अरुण प्रताप वहां से जा चुके थे.
इसके पहले पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया था कि विनय के भाई विकास श्रीवास्तव की तहरीर के आधार पर अजय रावत, अंकित वर्मा और शमीम (तहरीर में शमीम बाबा) के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत थाना ठाकुरगंज में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने पिस्तौल जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर लखनऊ की मोहनलाल गंज लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि घटना आज तड़के हुई है और उनका बेटा इस समय दिल्ली में है. मंत्री की पत्नी और राजधानी लखनऊ की मलिहाबाद क्षेत्र से विधायक जय देवी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”जिस मकान में यह घटना हुई है. उस मकान की जमीन मेरे पति कौशल किशोर के नाम पर है, लेकिन अभी इस मकान की रजिस्ट्री नहीं हुई है. मैंने यह मकान अपने बेटे के लिए बनवाया था और वह वहां रहता था. मैं और सांसद वहां नहीं रहते हैं.”
मृतक के भाई विकास श्रीवास्तव ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि विकास किशोर के घर पर अजय रावत, अंकित वर्मा और शमीम बाबा नामक व्यक्ति भी थे और वहां तीनों लोगों ने विनय के साथ खाना खाया. शिकायत के अनुसार, इसके बाद उनके बीच झड़प हुई और इसी दौरान गोली लगने से विनय की मौत हो गयी.
विकास श्रीवास्तव ने बताया, ”मेरे भाई और मंत्री जी के बेटे विकास किशोर के बीच दोस्ती थी और विनय अक्सर उनके घर पर रुकता था और वहां खाना भी खाता था. कल चूंकि विकास बाहर गये थे, इसलिए वह वहीं रूकने गये थे.” श्रीवास्तव ने देर शाम बताया कि उनके भाई का यहां गुलाला घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया.
इस बीच केंद्रीय मंत्री पत्रकारों ने पूछा कि ऐसी जानकारी मिली है कि घटना में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल आपके बेटे के नाम पर है, इस पर उन्होंने कहा, ”वह घर हैं, विकास कल शाम की फ्लाइट से दिल्ली गया है और जब वह बाहर जाएगा तो पिस्टल अपने घर पर ही रखकर जायेगा. वह पिस्टल घर पर रखकर गया, पिस्टल कैसे किसी को मिली, पुलिस इसकी जांच कर रही है .”
उन्होंने कहा कि ‘मैं मारे गये विनय के परिवार के साथ हूं और पुलिस से कहा गया है कि वह इस मामले की जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें.’ उधर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने एक बयान में कहा, ”उत्तर प्रदेश ऐसा प्रदेश बन गया है जहां आप कहीं पर भी सुरक्षित नहीं हैं. केंद्रीय मंत्री के घर पर हत्याएं हो रही हैं. यही नहीं हत्या केंद्रीय मंत्री के बेटे के रिवाल्वर से हो रही है. यह कोई पहली घटना नहीं है. भाजपा की सरकार में मंत्रियों के घर अब अपराध के अड्डे बन गए हैं और इनका लाइसेंस दिया है उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने.”