युजवेंद्र चहल-धनश्री वर्मा का रिश्ता खत्म हुआ, कोर्ट ने दिया तलाक

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 20 Mar 2025 03:06 PM
युजवेंद्र चहल-धनश्री वर्मा का रिश्ता खत्म हुआ, कोर्ट ने दिया तलाक
ऑडियो सुनें

मुंबई: करीब ढाई साल तक एक-दूसरे से अलग रहने के बाद स्टार भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और उनकी कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा का तलाक हो गया है. पिछले कई दिनों से दोनों के तलाक को लेकर अफवाहें चल रही थीं, जिसके बाद बांद्रा के एक फैमिली कोर्ट में दोनों ने तलाक के लिए आवेदन दिया था.

अब गुरुवार 20 मार्च को फैमिली कोर्ट ने दोनों की तलाक की अपील को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही दोनों की शादी 4 साल और करीब 3 महीने में टूट गई.

गुरुवार 20 मार्च को मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट ने तलाक पर अपना अंतिम फैसला सुनाया. इस सुनवाई के लिए चहल और धनश्री अलग-अलग पहुंचे. चहल पहले अपने वकीलों के साथ काली जैकेट और मास्क लगाकर पहुंचे. वहीं उनके कुछ देर बाद धनश्री सफेद टी-शर्ट पहने हुए पहुंची. उन्होंने भी चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था. इस दौरान दोनों की प्रतिक्रिया के लिए मीडिया का हुजूम उमड़ा था लेकिन किसी ने भी कोई जवाब नहीं दिया.

4 साल पहले हुई थी शादी

चहल और धनश्री की शादी 24 दिसंबर 2020 को हुई थी. हालांकि, तीन-चार महीने पहले ही दोनों के रिश्तों में दरार की खबरें आनी शुरू हुई थीं, जब उन्होंने एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया था. इसके बाद से ही लगातार अफवाहें उड़ती रहीं लेकिन पिछले महीने ही तलाक की कार्यवाही शुरू होने की पुष्टि हुई थी. दोनों ने बांद्रा फैमिली कोर्ट में इसके लिए अपील की थी. दोनों ने साथ ही 6 महीने के कूलिंग-ऑफ पीरियड से भी छूट देने की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था.

धनश्री को 4.75 करोड़ देंगे चहल

इसके बाद उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट में अपील की थी और कोर्ट ने बुधवार 19 मार्च को फैसला सुनाते हुए फैमिली कोर्ट से 20 मार्च को इस मामले को निपटाने का आदेश दिया था. हाई कोर्ट ने दोनों को कूलिंग-ऑफ से भी छूट दी थी क्योंकि उन्होंने बताया था कि वो पिछले ढाई साल से एक-दूसरे से अलग रह रहे थे. इस तलाक के बदले एलिमनी के तौर पर चहल की ओर से धनश्री को 4.75 करोड़ रुपये देने पर भी सहमति बनी थी, जिसका 50 फीसदी हिस्सा भारतीय क्रिकेटर ने दे दिया है और बाकी हिस्सा अब धनश्री को मिलेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital