ब्रेकिंग : ट्रक पलटा तो एक करोड़ का गांजा पकड़ाया, एक तस्कर गिरफतार, पुलिस की जांच जारी

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Thu, 01 Oct 2026 08:49 PM
ब्रेकिंग : ट्रक पलटा तो एक करोड़ का गांजा पकड़ाया, एक तस्कर गिरफतार, पुलिस की जांच जारी

ऑडियो सुनें

अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर स्थित घाट पेंडारी में आज पलटे ट्रक से 1 करोड़ 19 लाख रुपए का गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने मामले में ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

सूरजपुर पुलिस के मुताबिक जिले के चंदौरा थाने में मुखबिर से सूचना मिली कि घाट पेंडारी में ट्रक क्रमांक यूपी 13 टी-5497 पलटा है, जिसे सुनील कुमार नामक व्यक्ति द्वारा क्रेन के माध्यम से उठवाकर मौके पर बिखरे सामान प्लास्टिक दाना के बोरियों को इकट्ठा कराया जा रहा है। उसने बताया कि ट्रक में लदे कुछ सामान को उठाकर कुछ दूरी पर गड्ढे में रखकर प्लास्टिक तिरपाल से ढंका गया है तथा उधर वह किसी को नहीं जाने दे रहा है।

अंदेशा था कि ट्रक में प्लास्टिक दाना की आड़ में गांजे की तस्करी की जा रही थी। यदि ट्रक नहीं पलटता तो गांजा अपने गंतव्य तक पहुंच जाता। ट्रक के पलटने के बाद के्रन से उसे उठाया जा रहा था। वहीं बिखरे हुए सामान में से 9 बोरियों में भरे 238 किलोग्राम गांजे को सडक़ किनारे गड्ढ़े में रखकर ढंक दिया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने गांजे को जब्त कर लिया। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 19 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने 19 बड़े बोरों में भरे प्लास्टिक दाना समेत ट्रक भी जब्त किया है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। सूरजपुर एसपी द्वारा नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

By Navabharat News Group