नयी दिल्ली. लोकसभा में बृहस्पतिवार को कांग्रेस सदस्यों द्वारा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा तलब किये जाने के विरोध में हंगामा करने पर सरकार ने विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष कोई ‘सुपर ह्यूमन बीइंग’ (महामानव) हैं.
लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस के सदस्य तख्तियां लेकर आए थे जिन पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की तस्वीर के साथ ‘सत्यमेव जयते’ लिखा था. वे नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े धनशोधन मामले में ईडी द्वारा सोनिया को तलब किये जाने और बृहस्पतिवार को उनसे पूछताछ के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे.
इस पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, ‘‘जिनके बारे में ये तख्तियां लेकर आए हैं, उनके बारे में मै पूछना चाहता हूं. कानून के सामने सब समान हैं या नहीं. कांग्रेस अध्यक्ष हैं तो क्या ‘सुपर ह्यूमन बीइंग’ हैं.’’ इसका कांग्रेस सदस्यों ने जबर्दस्त विरोध किया और हंगामा बढ़ गया. इसके बाद अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी.
कांग्रेस का सोनिया से ईडी की पूछताछ के खिलाफ ‘सत्याग्रह’ कानून के खिलाफ उसका ‘दुराग्रह’: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार से जुड़े धनशोधन के एक मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पूछताछ के लिये बुलाए जाने के विरोध में देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी द्वारा बृहस्पतिवार को आयोजित “सत्याग्रह” को कानून और संस्थाओं के खिलाफ “दुराग्रह” करार दिया. पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी तो परिवार की ‘जेबी’ संस्था हो ही चुकी है, उसके नेता भी परिवार की “जेब” में हैं.
प्रसाद ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “कांग्रेस का यह सत्याग्रह नहीं, दुराग्रह है. परिवार जब पार्टी की संपत्ति को अपनी जेब में रख रहा है, तो यह उसे बचाने का दुराग्रह है. यह देश और देश के कानून, देश की संस्थाओं के खिलाफ दुराग्रह है.” उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी इस मामले में जमानत पर हैं और ये लोग उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में हार चुके हैं.
प्रसाद ने कहा कि एक तरफ भाजपा के नेता हैं, जो कानून और संस्थाओं का सम्मान करते हैं वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं का आचरण है कि पूछताछ के लिए बुलाए जाने के विरोध में इनके मुख्यमंत्री दिल्ली में बैठे हुए हैं, सारे सांसद सदन छोड़कर ईडी और अन्य संस्थाओं का मनोबल गिरा रहे हैं.
उन्होंने कहा, “हम इसकी भर्त्सना करते हैं.” प्रसाद ने कहा कि गैरकानूनी कानूनी तरीके से नेशनल हेराल्ड की पूरी संपत्ति को यंग इंडिया को दे दिया गया. उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड एक अखबार था जो बाद में बंद हो गया और उस पर देनदारी हो गई.
उन्होंने आरोप लगाया कि “बहुत ही छंद तरीके से’’ 90 करोड़ रुपये का लोन दिया गया और एक पारिवारिक संस्था यंग इंडिया का निर्माण कर दिया गया.
भाजपा नेता ने कहा, “पूरा मामला यह है कि कांग्रेस पार्टी तो परिवार की ‘जेबी’ संस्था हो चुकी है. उनके नेता भी जेब में हैं. अब कांग्रेस पार्टी की संपत्ति भी परिवार की जेब में लाए जाने की कोशिश हो रही है.” ईडी द्वारा पहले सोनिया गांधी (75) को 23 जून के लिए दूसरा समन जारी किया गया था, लेकिन वह उस तारीख पर पेश नहीं हो सकीं, क्योंकि कोविड??-19 और फेफड़ों में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी थी.