
देश के करोड़ों LPG ग्राहकों के लिए 1 अक्टूबर 2026 से एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है. जिन LPG ग्राहकों ने अभी तक आधार से अपनी पहचान सत्यापित नहीं कराई है, उन्हें यह प्रोसेस पूरी करनी होगी. इसके लिए पहले 30 जून 2026 तक की समय सीमा रखी गई थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ा दिया गया. अब 1 अक्टूबर से सब्सिडी वाले दाम पर LPG सिलेंडर लेने के लिए आधार सत्यापन जरूरी होगा. जिन ग्राहकों का आधार सत्यापन पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं होगी.
अगर आप घरेलू गैस सिलेडर पर मिलने वाली सब्सिडी का फायदा लेते हैं, तो आपको आधार के जरिए अपनी पहचान की पुष्टि करानी होगी. सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि LPG कनेक्शन का इस्तेमाल उसी व्यक्ति की ओर से किया जा रहा है, जिसके नाम पर कनेक्शन दर्ज है और सब्सिडी का लाभ भी सही ग्राहक तक पहुंचे.
आधार सत्यापन का मतलब आपकी पहचान को आधार के जरिए जांचना है. इसमें जरूरत पड़ने पर आधार नंबर के साथ बायोमेट्रिक यानी उंगली के निशान से भी पहचान की पुष्टि की जा सकती है. आसान शब्दों में कहें तो सरकार यह जांचना चाहती है कि LPG कनेक्शन और उससे मिलने वाली सब्सिडी सही व्यक्ति को ही मिल रहा है. बता दें कि अगर आपने आधार सत्यापन नहीं कराया है तो इसका मतलब यह नहीं है कि आपको LPG सिलेंडर मिलना पूरी तरह बंद हो जाएगा. हालांकि, सब्सिडी वाले दाम पर सिलेंडर लेने में परेशानी हो सकती है और ग्राहक को बाजार कीमत पर सिलेंडर लेना पड़ सकता है. जरूरत और उपलब्धता के अनुसार 5 किलो या 10 किलो के सिलेंडर का ऑप्शन भी दिया जा सकता है.
घर बैठे ऐसे कराएं सत्यापन
आधार सत्यापन के लिए हर बार गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं है.
LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल ऐप से मौके पर ही पहचान की पुष्टि कराई जा सकती है.
इसके अलावा ग्राहक अपनी गैस एजेंसी पर जाकर भी यह काम करा सकते हैं.



