अमेरिका में मां की कार के पीछे पेशाब करने पर 10 वर्षीय अश्वेत बच्चे को सजा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 15 Dec 2023 08:58 PM
अमेरिका में मां की कार के पीछे पेशाब करने पर 10 वर्षीय अश्वेत बच्चे को सजा
ऑडियो सुनें

जैक्सन. दुनिया भर में मानवाधिकारों के मुद्दे उठाने वाले अमेरिका में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसमें 10 साल के अश्वेत बच्चे को महज इसलिए सजा सुनायी गयी है कि उसने अपनी मां की कार के पीछे पेशाब किया था. मिसीसिपी में ‘टाटे काउंटी यूथ कोर्ट’ के न्यायाधीश रस्टी हैरलॉ ने बच्चे को तीन महीने तक हर माह एक बार प्रोबेशन अधिकारी के समक्ष पेश होने और दिवंगत बास्केटबॉल खिलाड़ी कोबी ब्रायंट पर दो पृष्ठों की एक रिपोर्ट लिखने की सजा सुनायी है.

बच्चे के वकील कार्लोस मूरे ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि किसी श्वेत बच्चे को ऐसी ही परिस्थितियों में गिरफ्तार किया जाता.
बच्चे की मां ने बताया कि उनके बेटे ने उस वक्त उनकी गाड़ी के पीछे पेशाब किया था जब वह 10 अगस्त को मिसिसिपी के सेनाटोबिया में एक वकील के कार्यालय में गयी थी. शहर में पुलिस अधिकारी ने बच्चे को पेशाब करते हुए देखा और उसे गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने उसे कार में बिठाया और पुलिस थाने ले गए.

‘एनबीसी न्यूज डॉट कॉम’ के अनुसार, सेनाटोबिया पुलिस प्रमुख रिचर्ड चैंडलर ने कहा कि बच्चे को हथकड़ी नहीं लगायी गयी लेकिन उसकी मां ने कहा कि उसे जेल की कोठरी में रखा गया था. बच्चे के वकील कार्लोस मूरे ने कहा, ”मुझे नहीं लगता कि अमेरिका में एक भी ऐसा पुरुष है जिसने सार्वजनिक स्थान पर छिपकर पेशाब न किया हो.” उन्होंने कहा, ”मैंने सोचा कि कोई भी समझदार न्यायाधीश पूरी तरह इस आरोप को नकार देगा. यह बस मूर्खता है. आपराधिक न्याय प्रणाली में घोर खामियां हैं.” मूरे ने बताया कि अभियोजन ने धमकी दी थी कि अगर लड़के का परिवार इस मामले में मुकदमा चलाने का फैसला लेता है तो और गंभीर आरोप लगाए जाएंगे जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक समझौता कर लिया.

 

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu