गाजा में इजराइल के हमलों में 103 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 May 2025 09:18 PM
गाजा में इजराइल के हमलों में 103 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

दीर अल-बलाह (गाजा)/यरुशलम. गाजा में बीती रात और रविवार को हुए इजराइल के हवाई हमलों में कम से कम 103 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय अस्पतालों और चिकित्सकों ने यह जानकारी दी. नासिर अस्पताल के अनुसार, दक्षिणी शहर खान यूनिस और उसके आसपास हुए हमलों में 48 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जिनमें से कुछ हमले विस्थापित लोगों के घरों और तंबुओं पर हुए. अस्पताल ने कहा कि मरने वालों में आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे हैं.

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय की आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, उत्तरी गाजा में जबालिया शरणार्थी शिविर में एक मकान पर हुए हमले में एक ही परिवार के नौ लोग मारे गए. वहीं नागरिक सुरक्षा सेवा के अनुसार, जबालिया में ही एक परिवार के घर पर हुए एक अन्य हमले में सात बच्चों और एक महिला समेत 10 लोगों की मौत हो गई. बीती रात हुए हमलों के बारे में इजराइल की सेना की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.

यह रक्तपात ऐसे समय में हुआ है जब इजराइल ने गाजा में हमले तेज कर दिए हैं. इजराइल ने कहा है कि वह क्षेत्र पर कब्जा करने, गाजा के दक्षिण में लाखों फलस्तीनियों को विस्थापित करने और सहायता के वितरण पर अधिक नियंत्रण करने की योजना बना रहा है.
इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उत्तरी गाजा में लोगों की सेवा करने वाले मुख्य अस्पताल को इजराइली हमले बढ़ने तथा घेराबंदी के कारण बंद करना पड़ा है.

इंडोनेशियन अस्पताल युद्ध प्रभावित क्षेत्र में बचा हुआ आखिरी सरकारी अस्पताल था. अस्पताल के आसपास लड़ाई के दावों पर इजराइली सेना ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की. इससे पहले उत्तरी गाजा में कमाल अदवान अस्पताल को पिछले वर्ष इजराइली हमलों के कारण फलस्तीनियों को सेवा देनी बंद करनी पड़ी थी. दूसरे अस्पताल बेत हनून को भी ऐसा ही करना पड़ा था.

इजराइली सेना ने गाजा में ‘व्यापक’ स्तर पर नया जमीनी सैन्य अभियान शुरू करने का ऐलान किया

इजराइली सेना ने रविवार को गाजा पट्टी में ”व्यापक” स्तर पर नया जमीनी सैन्य अभियान शुरू करने का ऐलान किया. इजराइल द्वारा 20 लाख से अधिक लोगों की आबादी वाले फलस्तीनी क्षेत्र में हमले की शुरुआत करने के एक दिन बाद यह बयान आया है. यह हमास पर अपनी शर्तों पर नये युद्धविराम समझौते पर सहमति के लिए दबाव बनाने का इजराइल का नवीनतम प्रयास है. इजराइली सेना ने बयान में कहा है कि सेना ने पिछले सप्ताह दर्जनों लड़ाकों को मार गिराया और 670 से अधिक लक्ष्यों को निशाना बनाया. गाजा में स्वास्थ्यर्किमयों का कहना है कि इन नये हमलों में सैकड़ों लोग मारे गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu