बीजापुर में 12वीं कक्षा की छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म, छात्रावास अधीक्षिका निलंबित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Mar 2024 06:48 PM
बीजापुर में 12वीं कक्षा की छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म, छात्रावास अधीक्षिका निलंबित
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक सरकारी बालिका छात्रावास की छात्रा द्वारा बच्चे को जन्म देने के बाद जिला प्रशासन ने छात्रावास की अधीक्षिका को निलंबित कर दिया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि 20 वर्षीय यह छात्रा पिछले 2-3 साल से अपने परिवार की सहमति से एक युवक के साथ रिश्ते में थी.

बीजापुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) बलिराम बघेल ने बताया कि गंगालूर इलाके में पोर्टा केबिन छात्रावास में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने मंगलवार रात पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत की थी, जिसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया.

बघेल ने बताया कि आज सुबह घटना की जानकारी मिलने पर वह और अन्य अधिकारी छात्रावास और अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि छात्रा 12वीं कक्षा की तीन विषय की परीक्षा में शामिल हो चुकी है. अधिकारी ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि छात्रा पिछले तीन साल से एक लड़के के साथ रिश्ते में थी. उन्होंने बताया कि उन्होंने अस्पताल में दोनों के माता-पिता से भी मुलाकात की. बघेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया छात्रावास अधीक्षिका की ओर से लापरवाही पाई गई है, क्योंकि उन्हें छात्राओं की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में पता होना चाहिए था.

बघेल ने बताया कि इस मामले में जिलाधिकारी ने छात्रावास अधीक्षिका अंशू मिंज को निलंबित कर दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है. संवाददाताओं से बातचीत के दौरान छात्रावास अधीक्षिका मिंज ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने हाल ही में छात्रावास में ‘सिकल सेल एनीमिया’ परीक्षण शिविर लगाया था, लेकिन किसी भी छात्रा में गर्भावस्था का कोई लक्षण नहीं बताया गया.

उन्होंने बताया कि उन्हें आज जानकारी मिली कि छात्रा एक लड़के के साथ रिश्ते में थी और इसकी जानकारी दोनों के परिजनों को थी.
पोर्टा केबिन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल के बुनियादी ढांचे के लिए पूर्व-निर्मित संरचनाएं हैं. बस्तर क्षेत्र में कुछ स्थानों पर स्कूल और छात्रावास दोनों सुविधाएं हैं जबकि अन्य स्थानों पर केवल छात्रावास की सुविधा है. केवल आवास सुविधा वाले पोर्टा केबिन में, छात्र स्कूली शिक्षा के लिए पास के स्कूलों में जाते हैं.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu