यरुशलम/संयुक्त राष्ट्र. दक्षिणी गाजा पट्टी में पूरी रात हुए इजराइली हमलों में छह बच्चों और दो महिलाओं समेत कम से कम 15 लोग मारे गए. फलस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. इजराइल एक सप्ताह से अधिक समय से जबालिया में हवाई और जमीनी हमले कर रहा है. यहां के लेागों ने कहा कि कई परिवार अब भी अपने घरों और आश्रय शिविरों में फंसे हुए हैं.
हमास के नेतृत्व वाले उग्रवादियों ने एक साल पहले इजराइल में घुसकर हमला किया था. इस हमले में कम से कम 1,200 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर आम नागरिक थे. इस हमले के दौरान कम से कम 250 अन्य को अगवा कर लिया गया था. उन्होंने अब भी गाजा में करीब 100 लोगों को बंदी बनाया हुआ है. स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, गाजा में इजराइल के हमले में 42 हजार से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं और मरने वालों में आधे से अधिक महिलाएं एवं बच्चे हैं. युद्ध ने गाजा के बड़े क्षेत्र को बर्बाद कर दिया है और इसकी 23 लाख की आबादी में से लगभग 90 प्रतिशत लोग विस्थापित हो गए हैं.
फलस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि दक्षिणी गाजा पट्टी पर इजराइली हमलों में रात भर में कम से कम 15 लोग मारे गए, जिनमें छह बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं. नासिर अस्पताल के अनुसार, मंगलवार की सुबह दक्षिणी शहर बेनी सुहैला में एक घर पर हमला हुआ, जिसमें एक ही परिवार के कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे और एक महिला शामिल हैं. यूरोपियन अस्पताल के अनुसार, निकटवर्ती शहर फखारी में मंगलवार की सुबह एक घर पर हमला हुआ, जिसमें तीन बच्चों और एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई.
इजराइली हमलों के बाद संरा सुरक्षा परिषद ने शांति सैनिकों के लिए ‘गंभीर चिंता’ जताई
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इजराइल द्वारा दक्षिणी लेबनान में व्यापक युद्ध के दौरान संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर गोलीबारी कर उन्हें घायल करने की घटना पर ”गंभीर चिंता” व्यक्त की और क्षेत्र में सुरक्षा बनाए रखने में उनकी भूमिका के लिए अपना समर्थन दोहराया. पिछले सप्ताह शांति सेना ‘यूनिफिल’ के ठिकानों पर इजराइल द्वारा किए गए हमलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा हुई थी और संयुक्त राष्ट्र के सबसे शक्तिशाली निकाय द्वारा इस हमले के बाद दिया गया यह पहला बयान है.
संयुक्त राष्ट्र शांति सेना प्रमुख ज्यां-मैरी लैक्रोइक्स ने पत्रकारों को बताया कि महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने सोमवार को पुष्टि की है कि शांति सैनिक अपने सभी तैनाती स्थलों पर बने रहेंगे. इजराइल ने लेबनान में जमीनी हमलों के दौरान शांति सैनिकों से पांच किलोमीटर उत्तर की ओर जाने का आग्रह किया है. इजराइल, लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ अपने युद्ध को दोनों देशों के बीच संयुक्त राष्ट्र द्वारा तय की गई सीमा के उस पार बढ़ा रहा है.
ईरान सर्मिथत उग्रवादी समूह द्वारा एक साल पहले गाजा में अपने सहयोगी हमास के साथ रॉकेट हमले शुरू किए जाने के बाद से दोनों पक्षों के बीच टकराव हो रहा है. हमास ने सात अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजराइल में हमलों के साथ युद्ध की शुरुआत की थी. संयुक्त राष्ट्र में स्विटजरलैंड के राजदूत पास्कल बैरिसविल द्वारा पढ़े गए बयान में सभी पक्षों से ”यूनिफिल र्किमयों और संयुक्त राष्ट्र परिसरों की सुरक्षा तथा संरक्षा का सम्मान करने” का आग्रह किया गया है. बैरिसविल सुरक्षा परिषद के वर्तमान अध्यक्ष हैं. गाजा में युद्ध को लेकर 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद में गहरे मतभेद हैं. अमेरिका अपने सहयोगी इजराइल का बचाव कर रहा है, जबकि सदस्यों के बीच फलस्तीनियों के लिए समर्थन बढ़ गया है.