उत्तर मैसेडोनिया के नाइट क्लब में आग लगने से 59 लोगों की मौत, 155 घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Mar 2025 08:04 PM
उत्तर मैसेडोनिया के नाइट क्लब में आग लगने से 59 लोगों की मौत, 155 घायल
ऑडियो सुनें

स्कोप्जे (उत्तर मैसेडोनिया). उत्तर मैसेडोनिया के दक्षिणी शहर कोकानी के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से 59 लोगों की मौत हो गई और 155 अन्य घायल हो गए. गृह मंत्री पांसे तोशकोवस्की ने यह जानकारी दी. तोशकोवस्की ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि आग देर रात 2:35 बजे एक स्थानीय पॉप समूह के संगीत कार्यक्रम के दौरान लगी. उन्होंने कहा कि क्लब में जाने वाले युवाओं ने आतिशबाजी की जिससे आग लग गई. उन्होंने बताया कि अब तक 39 मृतकों की पहचान हो सकी है.

क्लब में गए लोगों के परिवार के सदस्य अस्पतालों और कोकानी में कार्यालयों के सामने एकत्र होकर अधिकारियों से इस संबंध में अधिक जानकारी देने की गुहार लगा रहे हैं. तोशकोवस्की ने कहा कि पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, लेकिन उन्होंने उस व्यक्ति की संलिप्तता के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी.

स्वास्थ्य मंत्री अर्बेन तरावरी ने कहा कि 118 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि अल्बानिया, बुल्गारिया, ग्रीस और र्सिबया सहित पड़ोसी देशों ने सहायता की पेशकश की है. यह हाल के दिनों में इस राष्ट्र में हुई सबसे भयानक त्रासदी है. इस देश की जनसंख्या लगभग 20 लाख है. राष्ट्रपति गोर्दाना सिलजानोवस्का दावकोवा ने स्कोप्जे के एक अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और इमारत के बाहर इंतजार कर रहे परिजनों से भी बात की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu