भाजपा में शामिल होने वालों में से 61 प्रतिशत की उम्र 35 वर्ष से कम: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Oct 2024 07:53 PM
भाजपा में शामिल होने वालों में से 61 प्रतिशत की उम्र 35 वर्ष से कम: नड्डा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा के हवाले से कहा कि सदस्यता अभियान के दौरान केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने वालों में से 61 प्रतिशत की उम्र 35 वर्ष से कम है. पात्रा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नड्डा ने आगामी संगठनात्मक चुनावों पर चर्चा के लिए यहां पार्टी मुख्यालय में हुई भाजपा नेताओं की बैठक में यह खुलासा किया.

पात्रा ने संवाददाताओं से कहा, ”बैठक में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चल रहे सदस्यता अभियान के दौरान अब तक पार्टी में शामिल होने वाले 61 प्रतिशत लोग 35 वर्ष से कम आयु के हैं.” संगठन चुनावों के मद्देनजर सोमवार को भाजपा मुख्यालय में एक बैठक हुई. नड्डा सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी इस बैठक में शामिल हुए. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘गैर-राजनीतिक’ पृष्ठभूमि वाले युवाओं से राजनीति में शामिल होने के आह्वान के बारे में पूछे एक सवाल के जवाब में पात्रा ने कहा कि पार्टी बाद में अब तक जुड़ चुके भाजपा सदस्यों की कुल संख्या साझा करेगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक कार्यक्रम के दौरान ‘परिवारवादी राजनीति’ को देश के सामने खड़ा ‘बहुत बड़ा खतरा’ करार देते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर परिवारवाद और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया था और कहा कि ऐसे दलों के लिये वाराणसी का विकास न तो पहले प्राथमिकता में था और ना ही भविष्य में कभी होगा.
मोदी ने यह भी कहा कि परिवारवादी लोग कभी युवाओं को मौका देने में विश्वास नहीं करते, इसलिए वह देश के एक लाख ऐसे नौजवानों को राजनीति में लाएंगे, जिनके परिवार का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है.

प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में राजनीति में एक लाख युवाओं को जनप्रतिनिधि के तौर पर लाने का आह्वान किया था और कहा था कि इस कदम से जातिवाद और वंशवाद की राजनीति को खत्म करने में भी मदद मिलेगी.
पात्रा ने कहा, ”प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद बड़ी संख्या में युवा भाजपा में शामिल हो रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu