सिंधू की जीत के साथ वापसी, भारत ने चीन को 3-2 से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Feb 2024 07:32 PM
सिंधू की जीत के साथ वापसी, भारत ने चीन को 3-2 से हराया
ऑडियो सुनें

शाह आलम. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने चोट के कारण चार महीने बाद वापसी करते हुए बुधवार को यहां जीत दर्ज की जिससे भारत ने बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप (बीएटीसी) की महिला स्पर्धा में चीन की मजबूत टीम को 3-2 से हराया.
ग्रुप डब्ल्यू में सिर्फ दो टीम होने के कारण पहले मुकाबले से पूर्व ही भारत की नॉकआउट में जगह सुनिश्चित थी लेकिन टीम ने शीर्ष वरीय चीन को हराकर शान से नॉकआउट में प्रवेश किया.

थॉमस कप 2022 चैंपियन और पिछले साल एशियाई खेलों में पहली बार रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम ने भी हांगकांग के खिलाफ 4-1 की आसान जीत से ग्रुप ए से नॉकआउट में जगह बनाई. हांगकांग को मंगलवार को चीन के खिलाफ भी 0-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी. भारतीय पुरुष टीम गुरुवार को शीर्ष वरीय चीन से भिड़ेगी जिससे ग्रुप विजेता का फैसला होगा. पिछले साल फ्रेंच ओपन के दौरान घुटने में लगी चोट के बाद से बाहर रही सिंधू ने अपने से बेहतर रैंकिंग वाली हेन युई को 40 मिनट में 21-17 21-15 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई.

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता 28 साल की सिंधू की विश्व रैंकिंग 11 जबकि हेन युई की आठ है. तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को इसके बाद ल्यु शेंग शु और टेन निंग की जोड़ी के खिलाफ 19-21 16-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी जबकि अस्मिता चालिहा भी दुनिया की नौवें नंबर की खिलाड़ी वैंग झी यी के खिलाफ 13-21 15-21 से हार गई जिससे तीन मैच के बाद भारत 1-2 से पिछड़ गया.

त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने इसके बाद ली यी जिंग और लुओ शू मिन की जोड़ी को एक घंटे और नौ मिनट में 10-21 21-18 21-17 से हराकर भारत को बराबरी दिलाई. चीन की दूसरे दर्जे की टीम के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में दुनिया की 472वें नंबर की अनमोल खरब ने दुनिया की 149वें नंबर की वू लियो यू को एक घंटे और 17 मिनट में 22-20 14-21 21-18 से हराकर भारत की जीत सुनिश्चित की.

इस बीच पुरुष वर्ग में एचएस प्रणय पहले एकल में एनजी का लोंग एंगस के खिलाफ 18-21 14-21 से हार गए लेकिन भारत ने अगले चार मुकाबले जीतकर 4-1 से जीत दर्ज की. सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की नंबर एक पुरुष युगल जोड़ी ने लुई चुन वेई और येयुंग शिंग चोई की जोड़ी के खिलाफ 21-16 21-11 से आसान जीत दर्ज की जबकि लक्ष्य सेन को भी चैन यिन चाक को 21-14 21-9 से हराने में अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा.

एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला की जोड़ी ने चाउ हिन लोंग और हुंग कुएइ चुन को 21-12 21-7 से हराकर भारत की बढ़त को 3-1 किया जबकि किदांबी श्रीकांत ने जेसन गुनावन को 21-14 21-18 से हराकर टीम की 4-1 से जीत सुनिश्चित की. चार ग्रुप में से प्रत्येक से शीर्ष दो टीम नॉकआउट दौर में जगह बनाएंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu