जयपुर/अलीगढ़. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में ‘न्याय’ शब्द इसलिए जोड़ा गया है क्योंकि देश में कई तरह के अन्याय हो रहे हैं और इसके खिलाफ लड़ने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि देश में कई तरह के अन्याय हो रहे हैं, चाहे वह आर्थिक हो, सामाजिक हो या किसानों और महिलाओं के खिलाफ अन्याय हो.
राजस्थान के धौलपुर में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में ‘न्याय’ शब्द इसलिए जोड़ा गया है क्योंकि देश में कई तरह के अन्याय हो रहे हैं और इसके खिलाफ लड़ने की जरूरत है. उन्होंने कहा, ”हम देश के सामने यह बात रखना चाहते हैं कि देश में फायदा केवल दो-तीन प्रतिशत लोगों को हो रहा है. आम लोगों को देश की प्रगति में कोई भागीदारी नहीं मिल रही है.” यात्रा रविवार शाम को उत्तर प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश कर गई. उन्होंने कहा कि यात्रा राजस्थान से गुजरात, मध्य प्रदेश और फिर महाराष्ट्र तक जाएगी.
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि यात्रा का संदेश भारत को जोड़ना, सबकी एकता और उसके साथ नयी यात्रा में न्याय शब्द जोडना है. उन्होंने कहा, ”नयी यात्रा में ‘न्याय’ शब्द जोड़ा गया है. इसका संदेश यह है कि युवाओं, किसानों और आम लोगों के साथ अन्याय हो रहा है और आप महंगाई से प्रभावित हो रहे हैं और जिन्हें रोजगार मिलना चाहिए उन्हें नहीं मिल रहा है. हमें एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ लड़ना है.”
उन्होंने कहा, ”बड़े उद्योगपतियों को सारा लाभ मिल रहा है, देश की बड़ी संपत्तियां उन्हें सौंपी जा रही हैं.” प्रियंका ने कहा कि किसान क्यों आंदोलन कर रहा है क्योंकि सरकार की बड़ी बातों के बावजूद उसके जीवन के संघर्ष में कोई बदलाव नहीं आया है बल्कि ज्यादा संघर्ष करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा, ”केवल वे बड़े उद्योगपति ही फल-फूल रहे हैं, जिनके लिए भाजपा सरकार काम कर रही है.” उन्होंने कहा, ”हमें एकजुट होना होगा और अन्याय के खिलाफ लड़ना होगा.” कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौजूद रहे. यात्रा दो मार्च की दोपहर से फिर धौलपुर से शुरू होगी.
चीन निर्मित वस्तुओं की बाढ़ से लघु व कुटीर उद्योग बुरी तरह प्रभावित: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि भारतीय बाजारों में चीन निर्मित वस्तुओं की बाढ़ से स्वदेशी लघु, कुटीर उद्योग और कारीगर ”बुरी तरह से प्रभावित” हुए हैं. राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पूर्वाह्न मुरादाबाद से संभल होते हुए अलीगढ़ पहुंची जहां उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी नजर आयीं. विपक्षी गुट ‘इंडिया’ के घटक दल समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता और समर्थक भी इस यात्रा में शामिल हुए.
कांग्रेस नेता ने ताला उद्योग के गढ़ अलीगढ़ में चीन निर्मित सामानों की बिक्री का मसला उठाया और स्थानीय कारीगरों के समक्ष पेश आ रही परेशानियों का जिक्र किया. कांग्रेस की राज्य इकाई ने अपने आधिकारिक हैंडल पर राहुल और प्रियंका की यात्रा का वीडियो साझा किया.
इसमें कहा गया,”जननायक (राहुल गांधी) और लोक नेत्री (प्रियंका गांधी वाद्रा) के साथ एकता, भाईचारा और सद्भाव का संदेश देती ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’. यह जनसैलाब आने वाली पीढि.यों को संदेश देगा कि जब कोई तानाशाह देश की अखंडता, संप्रभुता और संविधान को खत्म करने पर आमादा था तो हमने उसे इस यात्रा के माध्यम से रोकने का काम किया था.”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आपने संबोधन में कहा, ”देश में बढ़ती नफरत का कारण अन्याय है. हिंदुस्तान में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है. इसी अन्याय के खिलाफ हमने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की है.” उन्होंने सवालिया लहजे में कहा ”देश में नफरत फैल रही है, क्यों फैल रही है, इसका कारण क्या है, मैंने यह सवाल हजारों लोगों से पूछा इस बीच भीड़ से जवाब आया -वोट बैंक.”
राहुल ने कहा ”भाइयो-बहनों यह वोट बैंक नहीं है, गलतफहमी में मत रहो, हिंदुस्तान की जनता, किसानों और मजदूरों ने मुझे बताया कि राहुल जी हिंसा और नफरत का कारण अन्याय है. हिंदुस्तान के गरीबों के साथ 24 घंटे इस देश में अन्याय होता है.” उन्होंने कहा,” किसान के खिलाफ अन्याय होता है, छोटे दुकानदार के खिलाफ अन्याय होता है, युवाओं के खिलाफ अन्याय होता है, सड़कों पर माताओं बहनों के खिलाफ अन्याय होता है. हिंसा का कारण नफरत का अन्याय है और इसलिए हमने दूसरी भारत जोड़ो यात्रा में ‘न्याय’ शब्द जोड़ दिया.” यात्रा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि ‘अन्याय काल’ में बेरोजगारी सबसे बड़ा संकट बन गई है.
वाद्रा ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, ” अग्निवीर योजना लाकर सेना में जाने की तैयारी कर रहे नौजवानों का सपना तोड़ दिया गया. बड़ी-बड़ी सरकारी कंपनियां उद्योगपतियों को बेच डालीं. लाखों सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन सालों तक र्भितयां नहीं निकलतीं, निकलती हैं तो पेपर लीक हो जाता है.” प्रियंका गांधी वाद्रा ने लोगों से अन्याय के खिलाफ एकजुट होने का आ”ान किया और कहा कि न्याय का हक मिलने तक वे लड़ाई जारी रखें.