रायपुर: ऑपरेशन थियेटर में बनायी रील, सरकारी अस्पताल की तीन नर्स बर्खास्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Feb 2024 10:57 PM
रायपुर: ऑपरेशन थियेटर में बनायी रील, सरकारी अस्पताल की तीन नर्स बर्खास्त

ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर के भीतर कथित तौर पर रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में तीन नर्स को उनकी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.

रायपुर स्थित दाऊ कल्याण सिंह स्नातकोत्तर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र के उप अधीक्षक डॉ. हेमंत शर्मा ने बताया कि संस्थान में दैनिक वेतन भोगी स्टाफ नर्स पुष्पा साहू, तृप्ति दासर और तेज कुमारी को उनके खिलाफ शिकायत मिलने के बाद 23 फरवरी को बर्खास्त कर दिया गया.

शर्मा ने बताया कि इस महीने की पांच तारीख को बर्न और प्लास्टिक सर्जरी यूनिट के ऑपरेशन थिएटर के भीतर तीनों ने रील बनायी थी. जब सहायक र्निसंग अधीक्षक को इसकी जानकारी मिली तब उन्होंने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया, ”ऑपरेशन थिएटर के भीतर तस्वीरें खींचना और रील बनाना नियमों के खिलाफ है. तीनों नर्स बाहर पहने जाने वाले जूतों और सेंडल को पहनकर ऑपरेशन थियेटर के भीतर पहुंची थीं और रील बनायी थी, जो नियम के खिलाफ है.” शर्मा ने बताया कि जब वार्ड प्रभारी नर्स ने उनके कृत्य पर आपत्ति जताई तो तीनों ने कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया.

उन्होंने बताया कि शिकायत की जांच के बाद तीनों नर्स को उनकी सेवाओं से बर्खास्त कर दिया गया है. अस्पताल प्रबंधन द्वारा साझा की गई दो रील में से एक में, ऑपरेशन थिएटर में इस्तेमाल की जाने वाली हरी पोशाक पहनी तीनों नर्स बॉलीवुड गीत ‘फिरता रहूं मैं दर बदर’ पर र्सिजकल सामान पकड़कर नृत्य करती हुई दिखाई दे रही हैं. वहीं, एक अन्य रील में वे ‘व्हाई दिस कोलावेरी डी’ गाने पर नृत्य करती नजर आ रही हैं.

By Yogesh Kumar Sahu