दंतेवाड़ा: इनामी महिला नक्सली ने किया आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Feb 2024 06:36 PM
दंतेवाड़ा: इनामी महिला नक्सली ने किया आत्मसमर्पण

ऑडियो सुनें

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में एक इनामी महिला नक्सली ने बुधवार को सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया . पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज सुरक्षाबलों के सामने कटेकल्याण एरिया कमेटी की नक्सली गंगी मुचाकी ने आत्मसमर्पण कर दिया. उनके मुताबिक, मुचाकी के सिर पर एक लाख रुपये का इनाम था.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला नक्सली ने जिले में चल रहे ”लोन वर्राटू अभियान” (घर वापस आइए) से प्रभावित होकर हिंसा का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया है. उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों की घर वापसी के लिए थाना, शिविरों और ग्राम पंचायतों में संबंधित क्षेत्र के सक्रिय माओवादियों का नाम चस्पा कर उनसे आत्मसमर्पण कर सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने का आह्वान किया जा रहा है. ‘लोन वर्राटू’ अभियान के तहत अब तक जिले में 172 इनामी नक्सलियों समेत कुल 676 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है.

By Yogesh Kumar Sahu