लोक कलाकार पूनम तिवारी और समप्रिया पूजा निषाद को अकादमी पुरस्कार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Feb 2024 06:55 PM
लोक कलाकार पूनम तिवारी और समप्रिया पूजा निषाद को अकादमी पुरस्कार
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली. संगीत नाटक अकादमी ने बुधवार को छह अकादमी फेलो और अभिनेता अशोक सर्राफ, राजीव वर्मा और गायिका बॉम्बे जयश्री सहित 92 कलाकारों को वर्ष 2022 और 2023 के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की. भारत की राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाटक अकादमी मंचीय कला के क्षेत्र में प्रतिष्ठित कलाकारों को अकादमी फेलो के रूप में चुनती है. जिन लोगों को अकादमी फेलो के लिए चुना गया है उनमें लोक गीतकार और लेखक विनायक खेडेकर, वीणा वादक आर विश्वेश्वरन, कथक नृत्यांगना सुनयना हजारीलाल, कुचिपुड़ी नर्तक युगल राजा और राधा रेड्डी, नाट्य निर्देशक दुलाल रॉय और नाट्य लेखक डीपी सिन्हा का नाम शामिल है. छत्तीसगढ़ की लोक कलाकार पूनम तिवारी और पंडवानी गायिका समप्रिया पूजा निषाद को भी अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.

संगीत नाटक अकादमी की सामान्य परिषद, राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाटक अकादमी ने 21 और 22 फरवरी 2024 को नयी दिल्ली में आयोजित अपनी बैठक में सर्वसम्मति से प्रदर्शन कला के क्षेत्र में छह प्रतिष्ठित हस्तियों को अकादमी फेलो (अकादमी रत्न) के रूप में चुना. बयान में कहा गया कि अकादमी की फेलोशिप सबसे प्रतिष्ठित और विशिष्ट सम्मान है. अकादमी ने वर्ष 2022 और 2023 के लिए अकादमी पुरस्कार के वास्ते संगीत, नृत्य, रंगमंच, पारंपरिक/ लोक/ आदिवासी संगीत/ नृत्य/र ंगमंच, कठपुतली और मंचीय कला में समग्र योगदान के कारण 92 कलाकारों को भी चुना है. रंगमंच की विभिन्न विशेषज्ञताओं जैसे नाटक लेखन, निर्देशन, अभिनय, मेकअप और लाइटिंग… के साथ-साथ रंगमंच की अन्य प्रमुख परंपराओं जैसे रामलीला, अंकिया भाओना और कुटियाट्टम वाले कलाकारों का चयन किया गया है.

राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
अकादमी फेलो को तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है, जबकि अकादमी पुरस्कार में ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम के अलावा एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक विशेष समारोह में संगीत नाटक अकादमी फैलोशिप और पुरस्कार देंगी. अकादमी ने वर्ष 2022 और 2023 के लिए उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के वास्ते 80 युवा कलाकारों के नामों की भी घोषणा की. एक विशेष समारोह में संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष युवा पुरुस्कार देंगे.

संगीत नाटक अकादमी का आभार : समप्रिया
अन्तर्राष्ट्रीय पंडवानी गायिका समप्रिया पूजा निषाद ने संगीत नाटक अकादमी द्वारा उस्ताद् बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार के लिए चयन पर फेसबुक पर लिखा- यह जानकार अत्यधिक खुशी हुई है. इसके लिए ह्रदय से आभार मानती हूं संगीत नाटक अकादमी का. ऐसे महानुभावों को कोटि कोटि नमन प्रणाम करतीं हूं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu