कांग्रेस के फैसले एक परिवार के डायनिंग रूम में लिए जाते हैं: हिमंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Feb 2024 08:28 PM
कांग्रेस के फैसले एक परिवार के डायनिंग रूम में लिए जाते हैं: हिमंत
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी/नागपुर. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह परिवार केंद्रित पार्टी है, जिसका एजेंडा ‘एक परिवार के डायनिंग रूम (भोजन करने के कक्ष)’ में तय होता है. उन्होंने कहा कि दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं से बनी एक लोकतांत्रिक पार्टी है.

शर्मा ने बारपेटा जिले के चकचका में पार्टी के एक कार्यालय के उद्घाटन समारोह में कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं से बनी लोकतांत्रिक पार्टी है. लेकिन अगर आप कांग्रेस या अन्य पार्टियों को देखें तो ये पार्टियां कार्यकर्ताओं से नहीं बनीं बल्कि अपने नेताओं और परिवारों पर केंद्रित हैं.” उन्होंने कहा, “फैसले परिवार के एक डायनिंग रूम में लिए जाते हैं और कार्यकर्ताओं को बस उनका अनुसरण करना होता है. परिवार की आवश्यकता के अनुरूप पार्टी का एजेंडा और विचारधारा बदल दी जाती है.”

विभाजन कांग्रेस के डीएनए में है: भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तेजस्वी सूर्या ने कर्नाटक विधान सौध में पाकिस्तान समर्थक नारेबाजी के आरोपों के बीच बृहस्पतिवार को दावा किया कि विभाजन कांग्रेस के ‘डीएनए’ में बसा हुआ है. बेंगलुरु-दक्षिण से लोकसभा सदस्य सूर्या ने महाराष्ट्र के नागपुर शहर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस “देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार” एकमात्र पार्टी है.

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा चार मार्च को नागपुर में आयोजित ‘नमो महा युवा सम्मेलन’ के दौरान रैली को संबोधित करेंगे. भाजपा के युवा मोर्चा के अध्यक्ष ने कहा कि इस सभा में महाराष्ट्र से एक लाख से अधिक युवा भाग लेंगे. मंगलवार को, राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता सैयद नासिर हुसैन की जीत के बाद उनके समर्थकों ने विधान सौध में कथित तौर पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे. इस बारे में पूछे जाने पर सूर्या ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ही देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार है.
उन्होंने दावा किया, “विभाजन कांग्रेस पार्टी के डीएनए में बसा हुआ है. कांग्रेस से इसके अलावा किसी और चीज की उम्मीद करना गलती होगी.”

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu