राजनाथ ने नौसेना के पनडुब्बी रोधी पी-8 आई विमान में उड़ान भरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 May 2022 09:57 PM
राजनाथ ने नौसेना के पनडुब्बी रोधी पी-8 आई विमान में उड़ान भरी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुंबई की अपनी यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना के लंबी दूरी के समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी पी-8 आई विमान में उड़ान भरी. नौसेना के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी. रक्षा मंत्री ने मुंबई में मझगांव डॉक्स लिमिटेड (एमडीएल) में नौसेना के अग्रिम मोर्चे के दो युद्धपोतों का जलावतरण करने के कुछ घंटे बाद मंगलवार को उड़ान भरी.

सिंह ने बुधवार को ट्वीट किया, ‘‘युवा और जोशीले पुरुषों एवं महिलाओं द्वारा संचालित पी-8 आई में नौसेना के वायु अभियान का साक्षी बना. लंबी दूरी की समुद्री निगरानी और एएसडब्ल्यू क्षमताओं का अनुभव करने के बाद, मुझे यकीन है कि हमारे समुद्री हित, युद्धगत रूप से तैयार, विश्वसनीय और एकजुट भारतीय नौसेना के सुरक्षित हाथों में हैं.’’

नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक माधवाल ने बुधवार को कहा, “रक्षा मंत्री सिंह ने मुंबई की अपनी यात्रा के दौरान लंबी दूरी के समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी युद्धक विमान पी8आई में उड़ान भरी.” भारतीय नौसेना अमेरिकी वैमानिकी कंपनी बोइंग द्वारा निर्मित पी-8 विमान के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय ग्राहक थी. इस विमान का इस्तेमाल अमेरिकी नौसेना, आॅस्ट्रेलियाई वायुसेना, ब्रिटेन की वायुसेना और नॉर्वे की वायुसेना द्वारा भी किया जाता है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu