इजराइल के युद्धकालीन मंत्रिमंडल में खींचतान, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने मंत्री को लगाई फटकार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Mar 2024 07:45 PM
इजराइल के युद्धकालीन मंत्रिमंडल में खींचतान, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने मंत्री को लगाई फटकार
ऑडियो सुनें

तेल अवीव. इजराइल के एक शीर्ष कैबिनेट मंत्री के अमेरिकी अधिकारियों के साथ बातचीत करने के लिए रविवार को वाशिंगटन रवाना होने पर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें फटकार लगाई. एक इजराइली अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि हमास के साथ युद्ध के लगभग पांच महीने बाद इजराइल की युद्धकालीन सरकार में यह बढ़ती खींचतान के संकेत है .

नेतन्याहू के मध्यमार्गी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बेनी गेंट्ज पिछले साल सात अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल पर हमास के हमले के बाद युद्ध के शुरुआती दिनों में नेतन्याहू की कट्टरपंथी सरकार में शामिल हुए थे. उनकी अमेरिकी यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच गाजा के लोगों की पीड़ा को कम करने के तरीके पर गहरी असहमति है. पिछले सप्ताह ट्रकों से खाना लेने की कोशिश कर रहे दर्जनों फलस्तीनियों के मारे जाने के बाद शनिवार को अमेरिका ने गाजा में हवाई मार्ग से राहत सामग्री गिराई.

नेतन्याहू की कट्टरपंथियों के बाहुल्य वाली मंत्रिमंडल के कारण क्षेत्र में अमेरिकी प्राथमिकताएं तेजी से बाधित हो रही हैं. नेतन्याहू सरकार में कट्टर राष्ट्रवादियों का प्रभुत्व है. गेंट्ज की अधिक उदार पार्टी कभी-कभी नेतन्याहू के कट्टर सहयोगियों के खिलाफ कार्य करती है.

नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के एक अधिकारी ने कहा कि गेंट्ज की यात्रा इजराइली प्रधानमंत्री की अनुमति के बिना हो रही है. उन्होंने कहा कि नेतन्याहू ने यात्रा के बारे में गेंट्ज के साथ ‘कठोर’ शब्दों में बातचीत की और उन्हें बताया कि देश में ‘सिर्फ एक प्रधानमंत्री’ है.
गेंट्ज की ‘नेशनल यूनिटी पार्टी’ के अनुसार वह अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन से मुलाकात करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu