पाकिस्तान : पूर्व प्रधानमंत्री गिलानी का सीनेट अध्यक्ष बनना लगभग तय, नामांकन पत्र भरा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Mar 2024 07:19 PM
पाकिस्तान : पूर्व प्रधानमंत्री गिलानी का सीनेट अध्यक्ष बनना लगभग तय, नामांकन पत्र भरा
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री सैयद यूसुफ रजा गिलानी का सीनेट अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है और उन्होंने इस पद के लिए 14 मार्च को होने वाले चुनाव की खातिर अपना नामांकन पत्र जमा कर दिया है. यह जानकारी सोमवार को मीडिया की एक खबर से मिली.

गिलानी ने आठ फरवरी को हुए चुनाव में पंजाब प्रांत के मुल्तान से नेशनल असेंबली के लिए जीत हासिल की थी. उन्होंने अपनी सीट खाली कर दी है और अब वह इस्लामाबाद से सीनेट की सीट के लिए चुनाव लड़ेंगे. निचले सदन के सदस्य के रूप में 29 फरवरी को शपथ लेने वाले गिलानी ने रविवार को नेशनल असेंबली में प्रधानमंत्री चुनने के लिए हुए चुनाव के दौरान पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष शहबाज शरीफ के पक्ष में मतदान किया था.

‘डॉन’ अखबार की खबर के अनुसार, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और पीएमएल-एन के बीच सत्ता-साझा करने को लेकर बनी सहमति के अनुसार, 71 वर्षीय गिलानी के संसद के उच्च सदन का अगला अध्यक्ष बनने की उम्मीद है. ‘डॉन’ अखबार की खबर के अनुसार, वर्ष 2008 से 2012 तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने वाले गिलानी का मुकाबला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के चौधरी इलियास मेहरबान से होगा.

मेहरबान सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल (एसआईसी) के उम्मीदवार होंगे, क्योंकि पीटीआई का नेशनल असेंबली में प्रतिनिधित्व नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि खान की पार्टी चुनाव नहीं लड़ सकती. पांच अन्य सीनेट सीट के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu