पटना. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परिवार को लेकर राजद नेता लालू प्रसाद द्वारा की गई टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना करते हुए कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री का परिवार है. सीतारमण ने यहां संवाददाताओं से कहा, ह्लप्रधानमंत्री ने जो कहा, वह सही है. पूरा देश उन्हें अपना परिवार मानता है. पूरा देश प्रधानमंत्री का परिवार है. इस तरह के ‘तुच्छ’ बयान देना सही नहीं है और यह बेहद निंदनीय है.”
उन्होंने कहा, “उन्होंने (लालू ने) दशकों तक राजनीति के क्षेत्र में काम किया है और राज्य के मुख्यमंत्री रहे हैं. लोगों को उनके (लालू) जैसे वरिष्ठ नेता से इस तरह की टिप्पणी की उम्मीद नहीं है. राजनीति में मर्यादा बनाये रखनी चाहिए. भाजपा ने प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी टिप्पणी करने पर राजद प्रमुख को करारा जवाब दिया है.ह्व रविवार को पटना में अपनी जन विश्वास महारैली के दौरान लालू प्रसाद ने कटाक्ष किया था, “अगर नरेन्द्र मोदी के पास अपना परिवार नहीं है तो हम क्या कर सकते हैं? वह राम मंदिर के बारे में डींगें हांकते रहते हैं. वह एक सच्चे हिंदू भी नहीं हैं. हिंदू परंपरा के अनुसार माता-पिता के निधन पर बेटे को अपना सिर और दाढ़ी मुंडवाना चाहिए. लेकिन मोदी ने ऐसा तब नहीं किया जब उनकी मां की मृत्यु हो गई थी.”
सारण जिले में ‘क्रेडिट आउटरीच’ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पटना पहुंची केंद्रीय वित्त मंत्री का यहां जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा की बिहार इकाई के प्रमुख प्रमुख और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया.