मोदी ने ओडिशा में 19,600 करोड़ रूपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Mar 2024 10:19 PM
मोदी ने ओडिशा में 19,600 करोड़ रूपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास किया
ऑडियो सुनें

चंडीखोल/जाजपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के जाजपुर जिले में 19,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार प्राकृतिक संसाधनों से संपन्न पूर्वी भारत के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. मोदी ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ”हमारी सरकार विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के साथ वर्तमान और भविष्य के लिए काम करती है.” प्रधानमंत्री ने जिन परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया, उनमें तेल और गैस, रेलवे, सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग तथा परमाणु ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं.

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं बिश्वेश्वर टुडु भी इस अवसर पर उपस्थित थे. मोदी ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी. प्रधानमंत्री ने कहा, ”बीते 10 वर्षों में हमने ओडिशा में करीब 3 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए हैं, ओडिशा के लिए रेलवे का बजट करीब 12 गुना बढ़ाया है.” प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन की गई परियोजनाओं में पारादीप रिफाइनरी में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की मोनो एथिलीन ग्लाइकोल इकाई शामिल है, जो भारत की आयात निर्भरता को कम करने में मदद करेगी. इन परियोजनाओं में, पारादीप से पश्चिम बंगाल में हल्दिया तक 344 किलोमीटर लंबी उत्पाद पाइपलाइन भी शामिल है.

कांग्रेस, उसके सहयोगियों ने 2014 से पहले केवल अपने खजाना भरने पर ध्यान केंद्रित किया: मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि पार्टी और उसके सहयोगियों ने 2014 से पहले केंद्र में सत्ता में रहने के दौरान केवल अपना खजाना भरने पर ध्यान केंद्रित किया. मोदी ने विपक्षी नेताओं पर उन पर तब व्यक्तिगत हमले करने का भी आरोप लगाया जब वह देश के 140 करोड़ लोगों के लिए काम कर रहे हैं, जिन्हें वह अपना परिवार मानते हैं.

ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) का गढ़ माने जाने वाले जाजपुर जिले के बेनापुर में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार चाहती है कि ओडिशा विकसित भारत का प्रवेश द्वार बने. उन्होंने कहा, “आज जो बड़े पैमाने पर विकास कार्य हो रहे हैं, वे पहले भी किए जा सकते थे… लेकिन 2014 से पहले के वर्षों में, कांग्रेस और उसके सहयोगियों का पूरा ध्यान केवल अपना खजाना भरने पर था.”

मोदी ने कहा, ”पिछले 10 वर्षों में, भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने ओडिशा में भारी निवेश किया है. हम चाहते हैं कि ओडिशा विकसित भारत का प्रवेश द्वार बने.” उन्होंने यह भी कहा कि पक्का घर, घर में नल का पानी और गैस कनेक्शन, जो कभी गरीबों के लिए एक सपना था, ”अब एक वास्तविकता बन रहा है.” उन्होंने कहा, ”मेरा नारा ‘मेरा भारत, मेरा परिवार’ ‘इंडी’ गठबंधन के नेताओं को परेशान करता है. इसलिए वे निजी हमले कर रहे हैं. लेकिन देश भर में गरीबों, युवाओं, किसानों और अन्य लोगों ने यह कहना शुरू कर दिया है कि वे मोदी के परिवार के सदस्य हैं.” मोदी ने बीच-बीच में उड़िया में भाषण दिया, जिससे दर्शकों की तालियां गूंजीं.

मोदी ने दावा किया कि विपक्षी दलों का एक सूत्री एजेंडा उन्हें पद से हटाने का है. प्रधानमंत्री ने कहा, “मेरा एजेंडा भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है.” उन्होंने कहा, ”उनके लिए परिवार पहले है जबकि मोदी के लिए देश पहले है.” उन्होंने कहा कि 2014 में उनके सत्ता में आने के बाद से 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं. मोदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरी ओर, विपक्षी नेताओं का लक्ष्य अपने रिश्तेदारों को अमीर बनाना है. प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब गरीबों ने प्रशासन से मदद मांगी तो उसने विभिन्न सेवाओं के लिए गारंटी मांगी.

मोदी ने कहा, ”उन्होंने (कांग्रेस) हर किसी से गारंटी मांगी – बैंक खाता खोलने या व्यवसाय के लिए ऋण लेने के लिए. हालांकि, 2014 के बाद एक गरीब आदमी का बेटा सत्ता में आया और प्रधानमंत्री बन गया. अब, मोदी गरीबों के लिए गारंटी है.” उन्होंने दावा किया कि देशभर के लोगों ने अब ‘मोदी की गारंटी’ के कारण केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि इस गारंटी के कारण, ‘पीएम सूर्य घर योजना’ (सौर ऊर्जा योजना) शुरू की गई है.

उन्होंने कहा कि छत पर सौर पैनल स्थापित करके, उपभोक्ता 300 यूनिट मुफ्त बिजली प्राप्त कर सकते हैं और अधिशेष बेच सकते हैं. उन्होंने कहा कि किसान अब अपने खुले खेतों में भी सौर ऊर्जा पैदा कर सकते हैं. मोदी अपनी जनसभा में भारी भीड़ से अभिभूत हुए और उसे भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद बताया. मोदी ने कहा कि यह पूर्व के ‘मूड’ और ओडिशा के संकल्प को दर्शाता है जो ‘अब की बार, 400 पार’ है (इस बार, राष्ट्रीय जनतांत्रक गठबंधन (राजग) को लोकसभा की 400 से अधिक सीटें मिलेंगी).

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu