देश में कोई स्टार्टअप नहीं बचा है : राहुल गांधी

'न्याय यात्रा' का 17 मार्च को होगा समापन, 'इंडिया' के घटकों के नेताओं को रैली में किया गया आमंत्रित

दाहोद/नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि देश में कोई स्टार्टअप नहीं बचा है और जो अस्तित्व में हैं वे भी विदेशी कंपनियों के नियंत्रण में हैं. अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान गोधरा रेलवे स्टेशन के सामने एक मुस्लिम बहुल इलाके में जनसभा को संबोधित करते हुए, राहुल गांधी ने नरेन्द्र मोदी सरकार की ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल की आलोचना की और कांग्रेस के सत्ता में आने पर इस क्षेत्र को वित्त पोषित करने के लिए 5,000 करोड़ रुपये निर्धारित करने का वादा किया.

कांग्रेस नेता ने कहा, ”क्या आपने कोई स्टार्टअप देखा है? क्या अब कहीं स्टार्टअप दिखते हैं? एक भी (स्टार्टअप) अस्तित्व में नहीं है. और जो अस्तित्व में हैं वे विदेशी कंपनियों के नियंत्रण में हैं. हम 5000 करोड़ रुपये का कोष बनाएंगे ताकि गरीब किसानों और मजदूरों के बेटे अपने स्टार्टअप शुरू कर सकें.” उन्होंने कहा कि 30 लाख सरकारी पद खाली हैं और सत्ता में आने पर कांग्रेस उन्हें भरेगी.
गांधी ने दावा किया कि केंद्र ने बड़े कॉरपोरेट घरानों के 16 लाख करोड़ रुपये के ऋण माफ कर दिए हैं, लेकिन किसानों, छात्रों और मजदूरों को ऐसी ही राहत देने के लिए तैयार नहीं है.

इससे पहले दिन में, राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के गुजरात चरण के दूसरे दिन दाहोद शहर से अपनी यात्रा फिर से शुरू की और यह यात्रा पड़ोसी पंचमहल जिले में गोधरा पहुंची. राहुल गांधी की यात्रा ने बृहस्पतिवार को राजस्थान से गुजरात में प्रवेश किया था. दाहोद जिले के झालोड शहर में लोगों को संबाधित करने के बाद उन्होंने इलाके के एक गांव में रात्रि विश्राम किया था. उन्होंने शुक्रवार सुबह झालोड के समीप कम्बोई धाम में आदिवासियों के पूज्य गुरु गोविंद गुरु के दर्शन किए.

बाद में जब यात्रा शुक्रवार सुबह दाहोद शहर से फिर शुरू हुई तो रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने राहुल का स्वागत किया. एक चौराहे पर आदिवासी भी एकत्रित हुए और उन्होंने अपने पारंपरिक नृत्य से राहुल गांधी का स्वागत किया. राहुल एक खुले वाहन में बैठे थे और उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया.

राहुल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा भेंट किया गया एक बड़ा केक भी काटा.
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर साल आठ मार्च को मनाया जाता है. गोधरा जाते समय गांधी ने महाशिवरात्रि के अवसर पर एक शिव मंदिर में दर्शन किए. गोधरा से वह पावागढ़ पहुंचे जहां उन्होंने मां खोडियार मंदिर में पूजा-अर्चना की. कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, गांधी पंचमहल के जम्बुघोड़ा गांव में रात्रि विश्राम करेंगे.

‘न्याय यात्रा’ का 17 मार्च को होगा समापन, ‘इंडिया’ के घटकों के नेताओं को रैली में किया गया आमंत्रित

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का 17 मार्च को मुंबई में समापन होगा और इस मौके पर आयोजित होने वाली रैली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के सभी घटक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है. कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”17 मार्च की शाम मुंबई में एक विशाल रैली होगी. 17 मार्च को ही यात्रा का समापन होगा. ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं को रैली के लिए आमंत्रित किया गया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ‘इंडिया’ के घटक दलों के नेताओं को पत्र भेज रहे हैं.” वेणुगोपाल ने उम्मीद जताई कि इस रैली में ‘इंडिया’ के घटक दलों के नेताओं की मौजूदगी रहेगी.
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गत 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी. फिलहाल यह गुजरात में है. पहले के कार्यक्रम के मुताबिक, इस यात्रा का समापन 20 या 21 मार्च को होना था.

Related Articles

Back to top button