हिसार से भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा, कांग्रेस में हुए शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Mar 2024 06:44 PM
हिसार से भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा, कांग्रेस में हुए शामिल
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़/नयी दिल्ली. हिसार से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद बृजेंद्र सिंह ने लोकसभा चुनाव से पहले रविवार को ‘अपरिहार्य राजनीतिक कारणों’ से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और कांग्रेस में शामिल हो गए. बृजेंद्र सिंह भाजपा नेता बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस्तीफा देने की जानकारी दी और इसके बाद वह नयी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंचे और विपक्षी पार्टी में शामिल हुए.

बृजेंद्र सिंह के कांग्रेस में शामिल होने के दौरान वरिष्ठ पार्टी नेता अजय माकन, मुकुल वासनिक और दीपक बाबरिया भी खरगे के आवास पर मौजूद थे. बृजेंद्र सिंह ने एक पोस्ट में कहा, ”मैंने अपरिहार्य राजनीतिक कारणों से भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. मुझे हिसार के संसद सदस्य के रूप में सेवा का अवसर देने के लिए मैं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह का आभार व्यक्त करता हूं.” कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि नौकरशाह से नेता बने सिंह का हिसार से पार्टी का उम्मीदवार बनना तय माना जा रहा है.

प्रशासनिक अधिकारी से नेता बने सिंह ने 2019 के लोकसभा चुनाव में हिसार सीट पर जीत हासिल की थी. जननायक जनता पार्टी के दुष्यंत चौटाला और उस समय कांग्रेस में रहे भव्य बिश्नोई को इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा था. बृजेंद्र सिंह दिग्गज जाट नेता सर छोटू राम के प्रपौत्र हैं. पिछले साल अक्टूबर में बीरेंद्र सिंह ने भाजपा को एक तरह से चेतावनी भरे अंदाज में कहा था कि अगर पार्टी ने जजपा के साथ अपना गठबंधन जारी रखा तो वह पद छोड़ देंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि जजपा हरियाणा में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu