रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एनसीसी विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Mar 2024 09:03 PM
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एनसीसी विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसी के साथ अब एनसीसी में 3,00,000 कैडेट और शामिल किए जाएंगे. रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इसके विस्तार से देश भर के शैक्षणिक संस्थानों में एनसीसी के लिए बढ.ती मांग पूरी होने की उम्मीद है.

इसमें कहा गया, ”रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और इसमें 3,00,000 कैडेट शामिल किए जाएंगे.” मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”एनसीसी में साल 1948 में केवल 20,000 कैडेट थे, लेकिन विस्तार प्रस्ताव की मंजूरी के बाद एनसीसी में अब 20 लाख कैडेट की स्वीकृत संख्या होगी. इससे यह दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन कहलाएगा.” इसमें कहा गया कि एनसीसी की विस्तार योजना के तहत चार नये समूह मुख्यालय की स्थापना की जाएगी और दो नई एनसीसी इकाइयों को भी शामिल किया जाएगा.

मंत्रालय ने कहा, ” राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार एनसीसी को एक वैकल्पिक विषय के रूप में शामिल किया गया है. वहीं, अब एनसीसी का विस्तार होने से देश के भावी नेताओं के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में यह एक कदम साबित हो सकता है.” उन्होंने कहा कि एनसीसी में 3,00,000 कैडेट के शामिल होने से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में समान रूप से कैडेट होंगे और इच्छुक संस्थानों का इंतजार खत्म होगा.

मंत्रालय ने बताया कि इस विस्तार योजना में पूर्व सैनिकों को उनके कौशल और लंबे अनुभव के आधार पर एनसीसी प्रशिक्षकों के रूप में नियुक्त किया जा सकता है. इसमें कहा गया कि एनसीसी का लक्ष्य है कि वे ऐसा वातावरण तैयार कर सकें जहां युवा राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देने में समर्थ हों.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu