59 वर्ष के हुए आमिर खान, कहा: वह ”लापता लेडीज” जैसी फिल्में बनाते रहेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 14 Mar 2024 07:48 PM
59 वर्ष के हुए आमिर खान, कहा: वह ”लापता लेडीज” जैसी फिल्में बनाते रहेंगे
ऑडियो सुनें

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान आज 59 वर्ष के हो गये और कहा कि वह अपने नवीनतम प्रोडक्शन ‘लापता लेडीज’ जैसी ‘खूबसूरत’ फिल्मों को बनाते रहेंगे. किरण राव द्वारा निर्देशित फिल्म लापता लेडीज एक कॉमेडी ड्रामा है. यह एक मार्च को रिलीज हुई थी और लोगों ने इस बहुत पसंद किया था. वहीं, इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर आठ करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है.

अपने जन्मदिन पर खान ने आमिर खान प्रोडक्शंस और राव के किंडलिंग प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित फिल्म को पसंद करने के लिए दर्शकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, ‘मैं फिल्म को पसंद करने के लिए सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं. हम भविष्य में भी ऐसी फिल्में बनाते रहेंगे और उम्मीद है आप हमारा समर्थन करते रहेंगे.’ खान ने संवाददाताओं से कहा, ‘इस फिल्म के लिए हमें दर्शकों से जिस तरह का प्यार मिला है, वह दिल छू लेने वाला है. इस खास दिन पर मैं दर्शकों और मीडिया को धन्यवाद देना चाहता हूं.’ निर्मल प्रदेश नामक एक काल्पनिक राज्य में स्थापित लापता लेडीज की कहानी दो दुल्हनों…फूल और पुष्पा पर आधारित है, जो ट्रेन में बदल जाती हैं.

इस कार्यक्रम में राव और फिल्म के मुख्य कलाकार नितांशी गोयल, प्रतिभा रांटा और स्पर्श श्रीवास्तव भी मौजूद थे. खान ने अद्भुत फिल्म बनाने के लिए अपनी पूर्व पत्नी राव को भी बधाई दी. उन्होंने कहा, ”इस साल मैं अपना जन्मदिन किरण जी और उनकी ‘लापता लेडीज’ टीम के साथ मनाना चाहता हूं. यह एक खूबसूरत फिल्म है. जब से हमने ‘लगान’ के साथ फिल्में बनाना शुरू किया था तब से अब तक हमारे प्रोडक्शन हाउस को 22 से 24 साल हो गए हैं, लेकिन हमें लापता लेडीज फिल्म पर सबसे ज्यादा गर्व है.”

राव ने कहा कि लोगों द्वारा फिल्म को मिले प्यार से वह अभिभूत हैं. उन्होंने कहा कि वह आज फिल्म की शूटिंग करेंगे और फिर अपने परिवार के साथ समय बिताएंगे. खान ने अपने फिल्म निर्माता चाचा नासिर हुसैन की 1973 की फिल्म ‘यादों की बारात’ में एक बाल कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी.

उनकी पहली फीचर फिल्म 1984 में बनीं ‘होली’ थी. लेकिन 1988 के रोमांटिक-ड्रामा ‘कयामत से कयामत तक’ में उन्होंने महत्वपूर्ण किरदार निभाया था. जिसमें लोगों ने उन्हें बहुत पसंद किया था. उनकी कई प्रसिद्ध फिल्मों में ‘सरफरोश’, ‘रंगीला’, ‘3 इडियट्स’, ‘रंग दे बसंती’ और ‘दंगल’ फिल्म शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu