सरगुजा-सूरजपुर जिले की सीमा पर स्थित कल्याणपुर-अखोरा मार्ग पर रविवार शाम एक कबरा हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मार डाला। सूरजपुर वन परिक्षेत्र के अखोरा गांव और मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
भतीजे ने ट्रक के नीचे छिपकर बचाई जान
बलरामपुर जिला निवासी विश्वनाथ रविवार को अपने भतीजे बलदेव के साथ बाइक से अखोरा गांव में अपनी बहन के घर आया था। शाम लगभग 5:30 बजे दोनों वापस लौट रहे थे, तभी कल्याणपुर-अखोरा मुख्य मार्ग पर उनका सामना कबरा हाथी से हो गया। हाथी ने तुरंत बाइक सवारों पर हमला कर दिया। इस दौरान बलदेव ने भागकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे घुसकर अपनी जान बचाई। हाथी ने विश्वनाथ को जमीन पर पटककर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बांटीडांड पहाड़ी कोरवा आश्रम में प्यून के पद पर पदस्थ था। हाथी के चले जाने के बाद बलदेव ने ग्रामीणों को इस घटना की सूचना दी।