लोकसभा चुनाव: घोषणा पत्र को मंजूरी देने के लिए सीडब्ल्यूसी की बैठक 19 मार्च को

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Mar 2024 06:51 PM
लोकसभा चुनाव: घोषणा पत्र को मंजूरी देने के लिए सीडब्ल्यूसी की बैठक 19 मार्च को
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) 19 मार्च को होने वाली अपनी बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र पर चर्चा करेगी और इसे अंतिम रूप देगी. पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की भी 19 से 20 मार्च को बैठक होने की संभावना है जिसमें 19 अप्रैल से शुरू होने वाले सात चरण के लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के शेष उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा.

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी की शीर्ष निर्णायक इकाई सीडब्ल्यूसी 19 मार्च को बैठक करेगी और मसौदा घोषणापत्र को अपनी मंजूरी देगी जिसमें न्याय के लिए पांच ‘गारंटी’ दी गई हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी पांच न्याय – ‘भागीदारी न्याय’, ‘किसान न्याय’, ‘नारी न्याय’, ‘श्रमिक न्याय’ और ‘युवा न्याय’- के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी. इनमें 25 गारंटी होंगी जिनकी घोषणा कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पहले ही कर चुके हैं.

उन्होंने “मोदी की गारंटी” का दावा कर रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, “ये गारंटी कांग्रेस पार्टी की हैं, किसी एक व्यक्ति की नहीं.” सूत्रों ने कहा कि सीईसी पार्टी उम्मीदवारों पर चर्चा कर उसे अंतिम रूप देगी. कांग्रेस ने अब तक दो अलग-अलग सूचियों में कुल 82 उम्मीदवारों की घोषणा की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu