बरसाना के राधा रानी मंदिर में हादसा, 22 श्रद्धालु घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Mar 2024 08:55 PM
बरसाना के राधा रानी मंदिर में हादसा, 22 श्रद्धालु घायल
ऑडियो सुनें

मथुरा. मथुरा जिले के बरसाना में राधा रानी मंदिर में लड्डू होली के आयोजन के दौरान भारी भीड़ के कारण रेलिंग टूटने से हुए हादसे में 22 श्रद्धालु घायल हो गए. गनीमत रही कि किसी को गम्भीर चोट नहीं आयी. मंदिर के एक पुजारी ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि रविवार शाम को हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने से मंदिर की सीढि.यों की रेलिंग उनका दबाव नहीं झेल सकी और वह टूट गयी, फलस्वरूप कई श्रद्धालु नीचे गिर पड़े एवं भगदड़ मच गयी. उनके अनुसार इस घटना में कम से कम 22 श्रद्धालु घायल हो गए.

प्रत्यक्षर्दिशयों के अनुसार ये श्रद्धालु कई घंटों से मंदिर के पट खुलने का इंतजार कर रहे थे. भीड़ का दबाव बढ़ने का एक कारण यह भी था कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु लड्डू लूटने में लगे थे. पुजारी ने बताया कि घायल श्रद्धालुओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. उनके मुताबिक उनमें से एक को केडी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल तथा चार को जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

इस घटना में एक महिला की मौत की भी खबर आई थी लेकिन जिला प्रशासन ने उसे गलत करार दिया है. उसका कहना है कि महिला की मौत का इस घटना से कोई संबंध नहीं है. बरसाना के राधा रानी मंदिर में 2012 और 2023 में भी ऐसी ही घटनाएं हो चुकी हैं. सितंबर 2012 में राधा अष्टमी के अवसर पर मची भगदड़ में कम से कम दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी.

बरसाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर मनोज वशिष्ठ ने बताया कि घटना के बाद 22 लोगों को केंद्र में लाया गया था. उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल और एक निजी मेडिकल कॉलेज भेजा गया और बाकी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी.

दूसरी ओर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर अजय कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार को जितने भी श्रद्धालु जिला अस्पताल अथवा निजी मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए रेफर किए गए थे, उन सभी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. उनके मुताबिक सोमवार को किसी भी अस्पताल में कोई भी श्रद्धालु इलाज के लिए भर्ती नहीं था.

उन्होंने बताया कि चार-पांच श्रद्धालुओं को हाथ-पैर एवं रीढ़ की हड्डियों में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उनका एक्स-रे कराया गया था, मगर उनमें से किसी में भी ‘फ्रैक्चर’ नहीं पाया गया. उनके अनुसार वे सभी उपचार के बाद अपने गंतव्य को लौट गए हैं.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेष कुमार पाण्डेय की ओर से पुलिस प्रवक्ता अभिषेक कुमार ने बताया कि बरसाना में एक दिन पहले से ही तकरीबन ढाई हजार सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था का जिम्मा संभालने के लिए तैनात हैं.

उन्होंने बताया कि मंदिर के बाहर भी हर आवश्यक स्थल पर सुरक्षाकर्मी को तैनात किया गया था, मगर मंदिर के पट बंद होने एवं एकाएक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ आ जाने के कारण हादसा हो गया. उनके अनुसार आज सभी चाक-चौबंद हैं और श्रद्धालुओं को सीमित संख्या में ही मंदिर में दर्शन के लिए पहाड़ी पर भेजा जा रहा है.

पाण्डेय ने बताया कि मेले की सुरक्षा के लिए छह अधीक्षक, 15 उपाधीक्षक, 60 निरीक्षक, 300 उप निरीक्षक, 500 होमगार्ड्स, 1200 आरक्षी, 36 महिला उप निरीक्षक, 150 महिला आरक्षी, चार यातायात निरीक्षक, 50 यातायात उप निरीक्षक, 150 यातायात आरक्षक, पांच कंपनी पीएसी, 10 गुण्डा दमन दल, चार दमकलें, छह घुड़सवार, बम डिस्पोजल टीमों के अलावा जगह-जगह सामान्य कपड़ों में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं जो मंगलवार सुबह तक तैनात रहेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu