इस लोकसभा चुनाव में 2004 का इतिहास दोहराया जाएगा: रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Mar 2024 10:10 PM
इस लोकसभा चुनाव में 2004 का इतिहास दोहराया जाएगा: रमेश
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस लोकसभा चुनाव के नतीजे पहले से ही तय होने की धारणा को खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि ‘टाइगर में अभी बहुत जान’ है तथा 2024 में 2004 का इतिहास दोहराया जाएगा. रमेश ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस ‘पांच न्याय’ और ’25 गारंटी’ के साथ जनता के बीच जाएगी तथा ‘इंडिया’ गठबंधन को स्पष्ट जनादेश मिलेगा.

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”हम किसी व्यक्ति की गारंटी नहीं दे रहे हैं बल्कि हम कांग्रेस की गारंटी दे रहे हैं…पांच न्याय और 25 गारंटी हमारी रणनीति होगी, यही हमारा मुद्दा होगा. हमारे ‘न्याय पत्र’ (घोषणा पत्र) में और भी बातें होंगी, लेकिन मुख्य रूप से पांच न्याय और 25 गारंटी शामिल रहेंगी. इन्हीं को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे.” कांग्रेस नेता ने उम्मीद जताई कि इस चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन को स्पष्ट जनादेश मिलेगा. उन्होंने इस धारणा को खारिज कर दिया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे पहले से तय नजर आ रहे हैं.

उन्होंने बॉलीवुड की एक फिल्म के नाम का उल्लेख करते हुए कांग्रेस को लेकर कहा , ”टाइगर जिंदा ही नहीं, बल्कि उत्सुक है. टाइगर में अभी बहुत जान है.” उन्होंने दावा किया, ”2003 में कांग्रेस पार्टी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हारी थी, लेकिन 2004 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी. 20 साल बाद भी यही इतिहास दोहराया जाएगा.” कांग्रेस नेता ने 2004 के उस लोकसभा चुनाव का उल्लेख किया जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी को ‘इंडिया शाइनिंग’ (भारत उदय) के नारे के बावजूद हार का सामना करना पड़ा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu