कविता का भतीजा दिल्ली शराब ‘घोटाले’ से प्राप्त आय की हेराफेरी और इस्तेमाल में शामिल : ईडी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 23 Mar 2024 08:39 PM
कविता का भतीजा दिल्ली शराब ‘घोटाले’ से प्राप्त आय की हेराफेरी और इस्तेमाल में शामिल : ईडी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के परिवार के लिए आने वाले दिनों में परेशानी और बढ. सकती है, क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता का एक भतीजा दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गैर-कानूनी रकम या अपराध से अर्जित आय को इधर-उधर करने में ‘शामिल’ है.

केंद्रीय एजेंसी ने यहां धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत की न्यायाधीश कावेरी बावेजा को सूचित किया कि उसने इस मामले में पिछले सप्ताह कविता से पूछताछ के दौरान उनके रिश्तेदार मेका श्री सरन की भूमिका सामने आने के बाद शनिवार को उनके (सरन के) परिसरों की तलाशी ली.

तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की 46-वर्षीया बेटी कविता को ईडी ने 15 मार्च को गिरफ्तार किया था और शनिवार को उनकी हिरासत बढ.ाने के लिए उन्हें अदालत में पेश किया गया था. अदालत ने कविता को 26 मार्च तक एजेंसी की हिरासत में भेज दिया.

कविता ने अदालत में अपनी पेशी के दौरान संवाददाताओं से कहा कि “यह एक फर्जी और झूठा मामला है… हम लड़ रहे हैं. चुनाव के दौरान इतने सारे नेताओं को गिरफ्तार करना गलत बात है और निर्वाचन आयोग को हस्तक्षेप करना चाहिए तथा देश में लोकतंत्र की रक्षा करनी चाहिए.” ईडी और दिल्ली पुलिस र्किमयों के सुरक्षा घेरे के बीच उन्होंने कहा, “लोगों को यह भी सोचना चाहिए कि चुनाव के दौरान इतने सारे नेताओं को क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है.” एजेंसी ने कविता की हिरासत अवधि बढ.ाये जाने के अनुरोध संबंधी अपने दस्तावेज के हवाले से अदालत को बताया कि उसने 15 मार्च को हैदराबाद के बंजारा हिल्स में बीआरएस नेता कविता के घर पर तलाशी के दौरान सरन का एक मोबाइल उपकरण जब्त किया था.

ईडी ने अदालत को सूचित किया कि सरन को पूछताछ के लिए दो बार बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित होने में “विफल” रहे.
एजेंसी ने कहा कि पिछले सात दिनों में जांच के दौरान यह पाया गया कि सरन “इंडो स्पिरिट्स से अपराध की आय के हस्तांतरण/उपयोग में शामिल था.”

ईडी ने कहा, ”चूंकि इस मामले की जांच के लिए प्रासंगिक जानकारी सरन के पास उपलब्ध है और वह जांच एजेंसी की जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं. ऐसे में 23 मार्च को पीएमएलए की धारा 17 के तहत उनके परिसरों पर छापेमारी की जा रही है.” इंडो स्पिरिट्स को विधान पार्षद कविता, वाईएसआर कांग्रेस सांसद मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी, उनके बेटे राघव मगुंटा और शराब व्यवसायी एवं इंडो स्पिरिट्स के प्रवर्तक समीर महेंद्रू ने बनाया है.’ ईडी ने अदालत से सरन द्वारा अपराध की आय के कथित हस्तांतरण/उपयोग का विवरण प्राप्त करने और गिरफ्तार नेता (कविता) की भूमिका का पता लगाने के लिए समीर महेंद्रू से आगे की पूछताछ के लिए उसकी अर्जी को स्वीकार करने का भी अनुरोध किया.

ईडी ने इसी मामले में महेंद्रू को भी पहले गिरफ्तार किया था. ईडी ने कहा कि यह “ध्यान देना महत्वपूर्ण” है कि सरन कविता के “करीबी रिश्तेदार” हैं और वह भी 15 मार्च को ईडी की ओर से मारे गये छापे के दिन मौके पर मौजूद थे.

दिल्ली आबकारी नीति मामला : अदालत ने बीआरएस नेता कविता की ईडी हिरासत 26 मार्च तक बढ़ाई
राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने शनिवार को दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में आरोपी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता की हिरासत 26 मार्च तक बढ़ा दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कविता की हिरासत पांच दिन बढ़ाने का अनुरोध किया था.

ईडी ने आरोप लगाया है कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कविता ‘साउथ ग्रुप’ का हिस्सा थीं, जिसने 2021-22 के लिए आबकारी नीति के तहत लाभ के बदले में दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी. यह नीति अब रद्द हो चुकी है. मामले की सुनवाई के दौरान ईडी ने कहा कि कविता का सामना चार लोगों के बयानों से कराया गया और उनसे जांच के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर सवाल किए गए.

जांच एजेंसी ने कहा कि उनके (कविता) फोन की फॉरेंसिक रिपोर्ट को लेकर भी सवाल किए गए, क्योंकि रिपोर्ट में पाया गया कि जांच के दौरान बीआरएस नेता ने अपने फोन से सारा डेटा डिलीट कर दिया था. ईडी ने कहा, ”15 मार्च को गिरफ्तार व्यक्ति (कविता) के परिसर में की गई तलाशी के दौरान, मेका सरन (कविता के करीबी रिश्तेदार) का एक मोबाइल जब्त किया गया है. जांच से पहले सरन को पेश होने के लिए दो बार बुलाया गया था. हालांकि, वह उपस्थित होने में विफल रहे हैं.” संघीय एजेंसी ने दावा किया कि पिछले सप्ताह की जांच से पता चला है कि सरन अपराध से अर्जित आय के हस्तांतरण या उपयोग में शामिल थे.

ईडी ने अपने रिमांड आवदेन में कहा, ”सरन द्वारा अपराध की आय के कथित हस्तांतरण/उपयोग और गिरफ्तार व्यक्ति (कविता) की भूमिका का विवरण प्राप्त करने के लिए समीर महेंद्रू से आगे की पूछताछ के वास्ते इस अदालत के समक्ष एक आवेदन भी दायर किया गया है.”

सुनवाई के दौरान कविता के वकील नीतीश राणा ने जमानत याचिका दायर की, जिसके बाद ईडी के वकील ने कहा कि जांच अधिकारी मामले की गहन जांच के स्तर पर हैं और सुनवाई की अगली तारीख पर जमानत पर आदेश पारित किया जा सकता है. राणा ने कहा, ”जमानत पर जवाब दाखिल करने के लिए पांच दिन काफी हैं. मैं इस पर दबाव नहीं डाल रहा हूं.” भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान परिषद सदस्य 46 वर्षीय कविता को हैदराबाद में बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास से ईडी ने 15 मार्च को गिरफ्तार किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu