प्रधानमंत्री मोदी भूटान की दो दिवसीय सार्थक यात्रा के बाद भारत रवाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 23 Mar 2024 09:14 PM
प्रधानमंत्री मोदी भूटान की दो दिवसीय सार्थक यात्रा के बाद भारत रवाना
ऑडियो सुनें

थिम्पू. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूटान की दो दिवसीय सार्थक राजकीय यात्रा शनिवार को संपन्न की, जिस दौरान उन्होंने थिम्पू को विकास कार्यों में भारत के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और उसे अगले पांच साल में 10,000 करोड़ रुपये की सहायता मुहैया करने का संकल्प लिया.

शनिवार सुबह, मोदी ने भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे के साथ थिम्पू में भारत के सहयोग से निर्मित महिलाओं और बच्चों के लिए एक आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किया. भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के साथ ही प्रधानमंत्री टोबगे, पारो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी को विदा करने आए.

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”दिल्ली के लिए प्रस्थान करते समय मुझे विदा करने के लिए महामहिम भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के हवाई अड्डे पर आने से मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं.” उन्होंने कहा, ”यह भूटान की बहुत खास यात्रा रही. मुझे भूटान नरेश, प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे तथा भूटान के अन्य विशिष्ट लोगों से मुलाकात करने का अवसर मिला. हमारी बातचीत से भारत-भूटान मित्रता में और भी मजबूती आएगी. मैं ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ से मुझे सम्मानित करने के लिए आभारी हूं. मैं भूटान के अद्भुत लोगों का उनकी गर्मजोशी और आतिथ्य-सत्कार के लिए आभारी हूं. भारत हमेशा भूटान के लिए एक विश्वस्त मित्र और साझेदार रहेगा.”

भूटान के प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”हमारे यहां आने के लिए मेरे भाई, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का बहुत-बहुत धन्यवाद. ना तो उनका व्यस्त कार्यक्रम, ना ही खराब मौसम उन्हें हमारे देश की यात्रा करने के अपने वादे को पूरा करने से रोक सका. यह अवश्य ही मोदी की गारंटी लगती है!” प्रधानमंत्री मोदी को शुक्रवार को भूटान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ से सम्मानित किया. यह सम्मान पाने वाले वह अन्य देश (भूटान से बाहर) के पहले शासनाध्यक्ष हैं.

मोदी ने भूटान सरकार की 13वीं पंचवर्षीय योजना के बारे में भी बात की और कहा, ”हमारा पूर्ण समर्थन और सहयोग रहेगा.” उन्होंने कहा, ”अगले पांच साल में भारत सरकार इसके लिए 10,000 करोड़ रुपये मुहैया करेगी.” उन्होंने अपने भूटानी समकक्ष के साथ बैठक के बारे में लिखा, ”भूटान में, प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे के साथ सार्थक बातचीत हुई. हमने भारत-भूटान साझेदारी के समूचे परिदृश्य की समीक्षा की, और हमारी विकास साझेदारी प्रगाढ़ करने तथा सांस्कृति संबंध मजबूत करने को बढ़ावा देने पर सहमत हुए.” अपने भूटानी समकक्ष के साथ इस महीने मोदी की यह दूसरी बैठक थी.

टोबगे ने जनवरी में प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद अपनी विदेश यात्रा के तहत पिछले हफ्ते नयी दिल्ली का दौरा किया था.
दोनों देशों ने कई सहमति पत्रों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया और ऊर्जा, व्यापार, डिजिटल संपर्क, अंतरिक्ष और कृषि के क्षेत्र में समझौतों पर हस्ताक्षर किए तथा दोनों देशों के बीच रेल संपर्क स्थापित करने पर एमओयू को अंतिम रूप दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu