रसेल और सॉल्ट के अर्धशतक, केकेआर ने बनाये सात विकेट पर 208 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 23 Mar 2024 10:39 PM
रसेल और सॉल्ट के अर्धशतक, केकेआर ने बनाये सात विकेट पर 208 रन
ऑडियो सुनें

कोलकाता. विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट (54 रन) के संयमित अर्धशतक के बाद आंद्रे रसेल के 25 गेंद में तूफानी नाबाद 64 की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में धीमी शुरूआत से उबरते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सात विकेट पर 208 रन बनाये.

सॉल्ट (40 गेंद) आईपीएल नीलामी में नहीं बिके थे लेकिन उन्हें जेसन रॉय की जगह टीम में शामिल किया गया. बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद उन्होंने शुरूआती झटकों के बाद धैर्य से खेलना जारी रखा और महज 38 गेंद में आईपीएल में अपना तीसरा पचासा जड़ दिया लेकिन जैसे ही अंत में तेजी से रन जुटाने का प्रयास किया मयंक मार्कंडेय (39 रन देकर दो विकेट) का शिकार हो गये. पदार्पण कर रहे रमनदीप सिंह ने 17 गेंद में एक चौके और चार छक्के से 35 रन और रिंकू सिंह ने 15 गेंद में तीन चौके से 23 रन का योगदान दिया.
रसेल ने लेग स्पिनर मार्कंडेय के खिलाफ स्टैंड में उस जगह पांच गेंद में तीन छक्के जड़े.

रसेल को 20 रन पर जीवनदान मिला जब मार्कंडेय की गेंद पर ऐडन मार्कराम ने लांग ऑन पर मैदान के करीब कैच लपका लेकिन रिप्ले में दिखा कि यह जमीन छू रहा था. जमैका के इस बल्लेबाज ने भुवनेश्वर कुमार पर दो चौके और दो छक्के जड़कर इस ओवर में 26 रन जुटाये.

रसेल और रिंकू सिंह ने 33 गेंद में 81 रन की साझेदारी निभायी जिससे केकेआर ने अंतिम पांच ओवर में 85 रन जोड़े. बायें हाथ के गेंदबाज टी नटराजन ने वेंकटेश अय्यर और श्रेयस अय्यर दोनों को पवेलियन भेजा. नटराजन और भुवनेश्वर ने चार ओवरों में सिर्फ 16 रन देकर केकेआर को पावरप्ले के अंदर रोके रखा. भुवनेश्वर ने शुरुआती ओवर में शानदार गेंदबाजी की और सिर्फ तीन रन गंवाये.

दुनिया के दूसरे नंबर के टी20 बल्लेबाज सॉल्ट ने मार्को यानसेन पर लगातार तीन छक्के जड़कर हाथ खोले. लेकिन नरेन गफलत में विकेट गंवा बैठे जिसके बाद कमिंस ने नटराजन को लगाया जिन्होंने वेंकटेश ओर अय्यर के विकेट झटक लिये. मार्कंडेय ने गुगली पर नीतिश राणा को अपना शिकार बनाया जिससे आठ ओवर में केकेआर का स्कोर चार विकेट पर 51 रन था.

लेकिन सॉल्ट र्धैर्य से रन जुटाते रहे और उन्हें रमनदीप का अच्छा साथ मिला. दोनों ने 54 रन की भागीदारी निभायी. रमनदीप ने कमिंस पर बाउंड्री लगाने के बाद एक छक्का जड़ा. रमनदीप ने मार्कंडेय, यानसेन और शाहबाज अहमद पर तीन छक्के लगाये. इसके बाद रसेल और रिंकू ने रन गति तेज कर केकेआर को 200 रन तक पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu