आगामी 9 नवंबर से, भारत में कंज्यूमर्स को कैंसर-रोधी 137 दवाओं की कीमतों में भारी कमी का लाभ मिलेगा. सरकार ने इन दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय कर दी है, जिससे सालाना लगभग 3,502.31 करोड़ की सेविंग होगी.
कुल 1,225 फॉर्मूलेशन की कीमतों में कमी की गई है.
कुछ मामलों में यह कमी 50 प्रतिशत से भी अधिक है.
1,031 फॉर्मूलेशन की कीमतों में कटौती दर्ज की गई है.
सरकार के ट्रेड मार्जिन पर सीमा तय करने के फैसले से 9 नवंबर से 137 कैंसर रोधी दवाओं की कीमतों में बड़ी कटौती होगी. इससे उपभोक्ताओं को सालाना अनुमानित 3,502.31 करोड़ रुपए की बचत होगी.
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने कैंसर रोधी 137 दवाओं पर व्यापार मार्जिन की सीमा तय की है. यह फैसला स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के तहत गठित विशेषज्ञ समिति की 17 अक्टूबर को की गई सिफारिशों के बाद लिया गया.
बयान के अनुसार, अब तक 76 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,225 फॉर्मूलेशन के लिए संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) जमा किए हैं. इनमें से 1,031 फॉर्मूलेशन की कीमतों में कटौती दर्ज की गई है.
करीब 600 ब्रांड की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है, जबकि सबसे अधिक कटौती 96.45 प्रतिशत रही है. भारत में अभी तक पेश नहीं की गईं करीब 10-15 चिह्नित दवाओं पर भी बाजार में आने के बाद व्यापार मार्जिन युक्तिकरण (टीएमआर) के तहत कीमतों की सीमा लागू होगी.
इस फैसले से कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई महत्वपूर्ण दवाओं की कीमतों में भारी कमी आई है.
आरपीजी लाइफ साइंसेज की स्तन कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कैप्सूल दवा ‘पैल्बोप्रो’ (पैल्बोसिक्लिब 125 मिलीग्राम) की कीमत 40,421.33 रुपए से घटकर 2,720 रुपए हो गई है.
अरविंकेयर फार्मा की प्रोस्टेट कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली गोली ‘एबिरोन’ (एबिराटेरोन एसीटेट 250 मिलीग्राम) की कीमत 41,250 रुपए से घटकर 3,218.23 रुपए रह गई है.
जाइडस लाइफसाइंसेज के फेफड़े और गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन ‘ब्रिक्स्टा’ (बेवासिजुमैब 100 मिलीग्राम) की कीमत 25,995 रुपए से घटकर 3,318 रुपए हो गई है.
रिलायंस लाइफ साइंसेज की ‘डेनऑस्टियोरेल’ (डेनोसुमैब 60 मिलीग्राम) की कीमत 24,955 रुपए से घटकर 6,240 रुपए रह गई है.
लुपिन लिमिटेड की स्तन कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन ‘लूपीहर 2’ (पर्टुजुमैब 420 मिलीग्राम) की कीमत अब 83,520 रुपए के मुकाबले 37,358.30 रुपए होगी.
बयान के मुताबिक, खुदरा विक्रेताओं, दवा वितरकों और अस्पतालों को अपने परिसरों और वेबसाइटों पर संशोधित मूल्य सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करनी होगी. राज्य औषधि नियंत्रकों को इस आदेश के अनुपालन की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.