प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Mar 2024 07:07 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और कामना की स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा व नया उत्साह लेकर आए. देश में सोमवार को होली मनाई जाएगी, जबकि कुछ हिस्सों में मंगलवार को होली का त्योहार मनाया जाएगा. प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”देश के मेरे सभी परिवारजनों को होली की अनेकानेक शुभकामनाएं. स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नया उत्साह लेकर आए.”

होली लोगों के बीच प्रेम, एकता व भाईचारे को बढ़ावा देती है : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होली की पूर्वसंध्या पर रविवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार लोगों के बीच प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देता है. उन्होंने एक संदेश में कहा कि यह त्योहार ”हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए भी प्रेरित करता है”.

मुर्मू ने कहा, ”होली एक जीवंत और आनंद का त्योहार है, जो हमारे जीवन में आशा और उत्साह भरता है.” राष्ट्रपति ने कहा, ”होली के विभिन्न रंग हमारे देश की विविधता का प्रतीक हैं. यह त्योहार लोगों के बीच प्रेम, एकता और भाईचारे की भावनाओं को बढ़ावा देता है. यह त्योहार हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए भी प्रेरित करता है.” उन्होंने कहा, ”रंगों का यह त्योहार हर किसी के जीवन में खुशियां लाए और हम सभी को नए उत्साह के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करे.” राष्ट्रपति ने कहा, ”होली के शुभ अवसर पर, मैं भारत और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को शुभकामनाएं देती हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu