छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस ने विधायक और पूर्व मंत्री कवासी लखमा को मैदान में उतारा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Mar 2024 06:21 PM
छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस ने विधायक और पूर्व मंत्री कवासी लखमा को मैदान में उतारा
ऑडियो सुनें

रायपुर. कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट से अपने मौजूदा सांसद दीपक बैज को हटाकर विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री कवासी लखमा को चुनाव मैदान में उतारा है. इसके साथ ही मुख्य विपक्षी दल ने राज्य की 11 लोकसभा सीट में से सात के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है.

नक्सल प्रभावित बस्तर (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) संसदीय क्षेत्र में आम चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा. इस सीट के लिए 27 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे. राज्य के बस्तर क्षेत्र में पार्टी के प्रभावशाली आदिवासी नेता लखमा छह बार से विधायक हैं. वह सुकमा जिले की कोंटा विधानसभा सीट पर 1998 से लगातार जीत रहे हैं. उन्होंने राज्य में पिछली भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में उद्योग और आबकारी मंत्री के रूप में कार्य किया था.

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर से सांसद हैं. पार्टी ने बैज को टिकट देने से इनकार कर दिया है. पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में बैज को चित्रकोट विधानसभा सीट से मैदान में उतारा था लेकिन उन्हें भाजपा उम्मीदवार के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.

कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में इस महीने की शुरुआत में छह सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी. पार्टी ने इस लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य के दो पूर्व मंत्रियों और एक मौजूदा सांसद को चुनाव मैदान में उतारा है. राज्य के सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी ने सभी 11 सीट के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. छत्तीसगढ़ की 11 सीट के लिए तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को मतदान होगा. वोटों की गिनती चार जून को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu