प्रधानमंत्री मोदी ने बशीरहाट से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा से बात की, उन्हें ‘शक्ति स्वरूपा’ बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Mar 2024 07:06 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने बशीरहाट से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा से बात की, उन्हें ‘शक्ति स्वरूपा’ बताया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बशीरहाट लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी रेखा पात्रा से बात की, जिन्होंने पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं के यौन उत्पीडन का मुद्दा उठाया था. पार्टी के नेताओं ने यह जानकारी दी.

तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता शाहजहां शेख और उनके खास लोगों के कथित अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने वाली पात्रा को भाजपा ने बशीरहाट लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. संदेशखाली इसी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है. मोदी ने पात्रा से उनके प्रचार की तैयारियों और मतदाताओं के बीच भाजपा के समर्थन सहित अन्य मुद्दों के बारे में बात की. पात्रा ने इस दौरान संदेशखाली की महिलाओं की पीड़ा सुनाई.

पात्रा ने मोदी से कहा कि उन्हें अच्छा लग रहा है कि वह उनके साथ खड़े हैं और कहा, ”ऐसा लग रहा है, जैसे राम जी हमारे साथ हैं.” भाजपा प्रत्याशी ने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्होंने क्षेत्र की स्थिति के कारण 2011 से मतदान नहीं किया है. इस पर मोदी ने आश्वासन दिया कि निर्वाचन आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि हर कोई मतदान कर सके.

पात्रा ने यह भी कहा कि उनके आसपास के टीएमसी समर्थकों ने शुरू में भाजपा से उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया, लेकिन अब उनका समर्थन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि वह एक गरीब परिवार से हैं और उनके पति केरल और तमिलनाडु में काम करते हैं.

उन्होंने कहा, “मैं कुछ ऐसा करूंगी कि किसी को काम के लिए इतनी दूर न जाना पड़े. उन्हें यहीं रोजगार मिले.” प्रधानमंत्री ने उन्हें ‘शक्ति स्वरूपा’ कहकर संबोधित किया. शक्ति एक शब्द है, जो दुर्गा और काली जैसी देवी-देवताओं से जुड़ा है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आपने संदेशखाली में लड़ाई लड़ी, आप ‘शक्ति स्वरूपा’ हैं….” उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जनता तक यह संदेश ले जाना चाहिए कि तृणमूल कांग्रेस सरकार राज्य के लोगों के खिलाफ कैसे काम कर रही है. भाजपा नेताओं की ओर से पात्रा और प्रधानमंत्री के बीच संवाद का एक ऑडियो जारी किया गया.

इसके मुताबिक, मोदी ने पात्रा से कहा, ”लोगों के बीच में काम करें, उन तक यह संदेश पहुंचाएं कि तृणमूल कांग्रेस सरकार लोगों के लिए समस्या खड़ी कर रही है, वे पश्चिम बंगाल में भाजपा (केंद्र) सरकार की योजनाओं को लागू नहीं होने दे रहे हैं. लोगों को बताएं कि वे भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, और योजनाओं के नाम बदल रहे हैं.” बशीरहाट, पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीट में से एक है. पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से तृणमूल कांग्रेस को जीत मिली थी. तृणमूल कांग्रेस से निलंबित शेख और उसके कुछ सहयोगियों को ईडी अधिकारियों पर हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है और वे सीबीआई की हिरासत में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu