कंगना रनौत व मंडी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने किया प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Mar 2024 07:00 PM
कंगना रनौत व मंडी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने किया प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

शिमला. हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लोकसभा प्रत्याशी कंगना रनौत और उनके गृह क्षेत्र के खिलाफ कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत की अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यहां सड़कों पर प्रदर्शन किया.

पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने मंडी शहर के सेरी मंच में संवाददाताओं से कहा, “मंडी और मंडी की बेटी कंगना रनौत, जो मंडी संसदीय सीट से भाजपा की उम्मीदवार हैं, के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.ह्व कांग्रेस नेताओं सुप्रिया श्रीनेत और एच एस अहीर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर रनौत तथा मंडी पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है.

ठाकुर ने कहा कि मंडी और देवभूमि हिमाचल प्रदेश के लोगों में गुस्सा है क्योंकि मांडव ऋषि की भूमि, जिसे छोटी काशी भी कहा जाता है, जहां 300 से अधिक मंदिर हैं, को कलंकित करने का प्रयास किया गया है. उन्होंने कहा कि मंडी के लोग, विशेषकर युवा और महिलाएं, कांग्रेस नेताओं की आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में और “मंडी की बेटी” रनौत के साथ एकजुटता प्रर्दिशत करने के लिए आज सड़कों पर हैं.

उन्होंने कहा, “हम यह संदेश देने यहां आए हैं कि मंडी के लोग कंगना रनौत के साथ हैं.” ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता श्रीनेत ने स्पष्ट किया है कि उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट तक कई लोगों की पहुंच है और उनमें से किसी ने अनुचित पोस्ट किया जिसे हटा दिया गया है. उन्होंने सवाल किया कि ऐसी टिप्पणी पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कोई प्राथमिकी क्यों दर्ज नहीं की गई.
श्रीनेत ने पूरे प्रकरण पर सफाई देते हुए कहा, ”जैसे ही मुझे पता चला मैंने वह पोस्ट हटा दी. जो लोग मुझे जानते हैं, वे यह भी अच्छी तरह जानते हैं कि मैं कभी भी किसी महिला के प्रति व्यक्तिगत और अशोभनीय टिप्पणी नहीं कर सकती. मैं जानना चाहती हूं कि यह कैसे हुआ.”

ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस नेताओं की कथनी और करनी में अंतर है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी शक्ति की बात करते हैं लेकिन खुलेआम सनातन का विरोध करते हैं.” उन्होंने कहा, “हम गुड़िया बलात्कार एवं हत्या मामले को नहीं भूल सकते, जो जुलाई 2017 में पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान एक स्कूली छात्रा के साथ हुआ था.”

ठाकुर ने महिलाओं और मंडी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस को नहीं बख्शेगी और लोकसभा चुनाव के दौरान न केवल मंडी में बल्कि पूरे देश में उसे इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा. उन्होंने दावा किया कि रनौत लाखों मतों के अंतर से जीत हासिल करेंगी. उन्होंने कहा कि भाजपा पहले ही निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज करा चुकी है और पार्टी इस संबंध में विभिन्न कानूनी पहलुओं पर गौर कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu