प्रतिभा सिंह के लोकसभा चुनाव लड़ने पर फैसला कांग्रेस आलाकमान करेगा : राजीव शुक्ला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Mar 2024 10:12 PM
प्रतिभा सिंह के लोकसभा चुनाव लड़ने पर फैसला कांग्रेस आलाकमान करेगा : राजीव शुक्ला
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. हिमाचल प्रदेश के लिए कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने बुधवार को कहा कि पार्टी की प्रदेश प्रमुख प्रतिभा सिंह ने लोकसभा चुनाव में उन्हें (सिंह) उम्मीदवार बनाए जाने का फैसला पार्टी आलाकमान पर छोड़ दिया है. हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह ने हाल में कहा था कि उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है क्योंकि जमीनी स्थिति ”अनुकूल नहीं” है और पार्टी कार्यकर्ता निराश हैं.

हिमाचल प्रदेश सरकार और राज्य में पार्टी संगठन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस द्वारा गठित छह सदस्यीय समिति की यहां बैठक के बाद शुक्ला पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने के पूर्व के बयान के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ”मैंने इस बारे में आलाकमान को बता दिया है. देखते हैं कि आलाकमान क्या निर्णय लेता है.” शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में सिंह के अलावा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद थे.

यह बैठक आम चुनाव के लिए रणनीति को मजबूत करने और राज्य के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करने के लिए आयोजित की गई. एक सवाल पर शुक्ला ने कहा, ”हम हिमाचल प्रदेश में सभी 10 सीटों- लोकसभा की चार और विधानसभा उपचुनाव में छह सीटों पर जीत हासिल करेंगे.” उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार मजबूत है और अपना कार्यकाल पूरा करेगी.

यह पूछे जाने पर कि क्या प्रतिभा सिंह लोकसभा चुनाव लड़ेंगी, शुक्ला ने कहा कि इस तरह के फैसले पार्टी आलाकमान लेगा. शुक्ला ने कहा, ”उन्होंने (सिंह) इसे आलाकमान पर छोड़ दिया है और कहा है कि वह उसके फैसले का पालन करेंगी.” अयोग्य करार दिए गए कांग्रेस के छह पूर्व विधायकों को हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा अपना उम्मीदवार घोषित करने पर सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सभी छह सीटें जीतगी.

करीब दो घंटे की बैठक के बाद प्रतिभा सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ”हम साथ मिलकर काम करेंगे. हमें लोकसभा चुनाव जीतना है.” उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए एक और बैठक आयोजित की जाएगी.
आम चुनाव से पहले कांग्रेस के कुछ नेताओं के भाजपा में जाने के बारे में पूछे जाने पर शुक्ला ने कहा कि चुनाव के दौरान ऐसे घटनाक्रम होते रहते हैं. कांग्रेस के छह बागियों के भाजपा में शामिल होने पर उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब भाजपा में बगावत होगी. एक सवाल पर अग्निहोत्री ने कहा, ”हमारी सरकार को कोई खतरा नहीं है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu