रनौत के खिलाफ कांग्रेस नेता की ‘पोस्ट’ पर उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस से जांच करने को कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Mar 2024 10:32 PM
रनौत के खिलाफ कांग्रेस नेता की ‘पोस्ट’ पर उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस से जांच करने को कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने अदाकारा और मंडी लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार कंगना रनौत के खिलाफ कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत की आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है. राजनिवास के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

श्रीनेत के सोशल मीडिया अकाउंट पर रनौत के बारे में विवादास्पद टिप्पणी की गई थी. केंद्र में सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव में रनौत को हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. विवाद बढ.ने के बाद श्रीनेत ने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट से विवादास्पद टिप्पणी को हटा दिया. उन्होंने यह दावा किया कि विवादास्पद पोस्ट उनके द्वारा नहीं, बल्कि किसी और के द्वारा की गई थी, जिनकी उनके अकाउंट तक पहुंच थी.

एक अधिकारी ने बताया कि उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को श्रीनेत द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रनौत के खिलाफ की गई अपमानजनक पोस्ट की गहन जांच करने का निर्देश दिया है. उन्होंने बताया कि भाजपा नेता बांसुरी स्वराज ने उपराज्यपाल को एक शिकायत देकर ”महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने” के लिए श्रीनेत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और जांच की मांग की थी.

अधिकारी ने बताया कि उपराज्यपाल ने शिकायत पुलिस आयुक्त को भेज दी और मामले में जांच करने और जरूरी होने पर कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है. उन्होंने बताया कि पुलिस यह भी जांच करेगी कि उक्त सोशल मीडिया पोस्ट के लिए कौन जिम्मेदार था और इसके लिए किसके मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया गया था.

सक्सेना ने श्रीनेत के दावों की पुष्टि करने का भी निर्देश दिया है कि विवादास्पद पोस्ट उनके द्वारा नहीं बल्कि ”किसी और के द्वारा किए गए थे, जिनकी उनके अकाउंट तक पहुंच थी.” अधिकारी ने कहा, ”पुलिस इस बात की भी जांच करेगी कि करीब दो घंटे बाद पोस्ट को किसने डिलीट किया और इसे हटाने के लिए किस उपकरण का इस्तेमाल किया गया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu