कंगना रनौत ने मंडी में रोडशो किया, आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए कांग्रेस पर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Mar 2024 10:26 PM
कंगना रनौत ने मंडी में रोडशो किया, आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए कांग्रेस पर साधा निशाना
ऑडियो सुनें

शिमला. अदाकारा और मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार कंगना रनौत ने कांग्रेस नेताओं की अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर शुक्रवार को पार्टी पर तीखा हमला बोला. रनौत ने मंडी संसदीय क्षेत्र में एक रोडशो के साथ अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा का मुख्य एजेंडा विकास है.
मंडी के भांबला कस्बे में जन्मीं और चार बार की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अदाकारा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े.

सरकाघाट में अपनी पहली चुनावी रैली में अदाकारा ने उन पर और मंडी को लेकर कांग्रेस नेता की आपत्तिजनक टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा, ”जो बेटियां और बहनों के भाव लगाते हैं, वो आपके कभी नहीं हो सकते.” कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत और एच एस अहीर के सोशल मीडिया हैंडल पर रनौत और मंडी को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां पोस्ट करने से विवाद खड़ा हो गया था.

रनौत ने रोड शो के दौरान कहा कि मंडी का नाम मांडव ऋषि और पराशर ऋषि के नाम पर रखा गया है जिन्होंने यहां तपस्या की थी. यहां सबसे बड़ा शिवरात्रि मेला लगता है. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग मंडी के बारे में कुछ नहीं जानते, वे अशोभनीय टिप्पणियां कर रहे हैं. रनौत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि वह ”हिंदू शक्ति” को खत्म करना चाहते हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आजीवन ”नारी शक्ति” की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

उन्होंने कहा, ”विकास भाजपा का मुख्य एजेंडा है और हम प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में चुनाव जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे.” रनौत ने कहा, ”मंडी के लोग बताएंगे कि उनके दिल में क्या है.” रनौत ने कहा कि कांग्रेस लोगों को गुमराह कर रही है कि वह चुनाव जीतने के बाद मुंबई लौट जाएंगी. अदाकारा ने कहा कि वह ”भाग्यशाली हैं कि उन्हें मातृभूमि की सेवा का अवसर मिला है.” रनौत ने कहा, ”मैं आपकी बेटी और बहन हूं. मैं हमेशा आपके लिए उपलब्ध रहूंगी.” अदाकारा ने कहा कि फिल्म उद्योग में उनकी यात्रा आसान नहीं रही और उन्हें हिमाचल प्रदेश से आने और अच्छी अंग्रेजी नहीं बोलने के लिए लगातार ”धमकाया” जाता था, लेकिन उन्हें हमेशा गर्व महसूस होता था कि वह मंडी से हैं.

रनौत ने कहा, ”मैंने अपने गांव में छोटा सा देवी मंदिर बनवाया है और मनाली में एक घर बनाया है. मैंने अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष और कड़ी मेहनत की है.” उन्होंने मंडी की मौजूदा कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह और उनके बेटे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर परोक्ष हमला करते हुए कहा, ”ऐसा नहीं है कि मेरे पिता या पति मुख्यमंत्री हैं और मैं राजनीति में आ गई.”

बुधवार को विक्रमादित्य सिंह ने गुरदासपुर के सांसद सनी देओल द्वारा अपने संसदीय क्षेत्र के कार्यों के लिए किसी को अधिकृत करने का पत्र साझा करते हुए कहा था कि ”मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि मंडी में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो.” विक्रमादित्य सिंह ने परोक्ष रूप से कंगना पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना भाजपा सांसद-अभिनेता सनी देओल से की थी, जिनकी संसद और उनके लोकसभा क्षेत्र से अनुपस्थिति के लिए आलोचना हुई थी. भाजपा द्वारा 24 मार्च को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा के बाद अपने निर्वाचन क्षेत्र में रनौत की यह पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी.

अक्टूबर 2022 में रनौत ने कहा था कि अगर भाजपा उन्हें टिकट की पेशकश करती है तो वह मंडी से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं.
वर्तमान में, मंडी लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह कर रही हैं. प्रतिभा सिंह ने 2021 में मंडी सीट पर उपचुनाव में जीत हासिल की.

सिंह ने पूर्व में कहा था कि वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी क्योंकि स्थिति ”अनुकूल नहीं” है और कार्यकर्ता निराश हैं. लेकिन रनौत के नाम की घोषणा के बाद सिंह ने चुनाव में उनकी उम्मीदवारी का फैसला कांग्रेस आलाकमान पर छोड़ दिया है. हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों शिमला, मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा में अंतिम चरण में एक जून को चुनाव होगा. एक जून को राज्य की छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे. भाजपा ने लोकसभा की चार और विधानसभा की छह सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, वहीं कांग्रेस ने अभी अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu