‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में सुनीता केजरीवाल, कल्पना सोरेन ने भाजपा को हराने की अपील की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Mar 2024 10:26 PM
‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में सुनीता केजरीवाल, कल्पना सोरेन ने भाजपा को हराने की अपील की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना ने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की एक रैली को रविवार को पहली बार संबोधित किया तथा लोगों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को केंद्र की सत्ता से बेदखल करने की अपील की.

सुनीता और कल्पना ने अपने-अपने पति की गिरफ्तारी के बाद, इस रैली के जरिये अपनी बड़ी राजनीतिक भूमिका के संकेत दिए.
यहां रामलीला मैदान में ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में, अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन के लिए मंच पर दो कुर्सी खाली रखी गई थीं तथा उनकी पत्नियों ने दोनों नेताओं की गिरफ्तारी के लिए भाजपा नीत केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया.

विपक्ष के कई नेताओं ने कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल के साथ अपनी एकजुटता प्रर्दिशत की. शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, ”जब हमारी दो बहनें लड़ रही हैं, उनके भाई पीछे कैसे रह सकते हैं?…न केवल हम, बल्कि पूरा देश आपके साथ है.” आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किये जाने के बाद सुनीता चर्चा में रही हैं.

भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) की पूर्व अधिकारी सुनीता ने अपने पति की गिरफ्तारी के बाद डिजिटल माध्यम से ब्रीफिंग की जिसमें ईडी की हिरासत से भेजे मुख्यमंत्री केजरीवाल के संदेश को उन्होंने पढ.ा था. रविवार की रैली में उन्होंने न केवल मुख्यमंत्री केजरीवाल का संदेश पढ.ा और उनकी ‘छह गारंटी’ की घोषणा की, बल्कि उन्हें ‘शेर’ भी बताया तथा कहा कि वह लंबे समय तक सलाखों के पीछे नहीं रहेंगे.

उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में यह सवाल किया कि क्या अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी सही थी? उन्होंने कहा, ”हमारे प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया. क्या प्रधानमंत्री ने सही किया? भाजपा के लोग कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल जेल में हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए. क्या अरविंद केजरीवाल जी को इस्तीफा दे देना चाहिए?”

उन्होंने अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ.ते हुए कहा, ”…यदि आप ‘इंडिया’ गठबंधन को अवसर देंगे, तो हम एक महान राष्ट्र का निर्माण करेंगे.” आम आदमी पार्टी (आप) के जेल में बंद नेता संजय सिंह और सत्येंद्र जैन की पत्नियां भी रैली में उपस्थित थीं, जबकि मनीष सिसोदिया की पत्नी ने अपनी शुभकामना भेजी क्योंकि वह स्वास्थ्य कारणों को लेकर कार्यक्रम में नहीं आ सकी थीं.

केजरीवाल, सिसोदिया और सिंह को आबकारी नीति मामले में, जबकि जैन को एक अलग धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था. केजरीवाल को ईडी द्वारा अपनी हिरासत में लिये जाने से कुछ हफ्ते पहले 31 जनवरी को हेमंत सोरेन को झारखंड में एक कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में संघीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया था. ‘इंडिया’ की रैली में सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि लोकतंत्र पर हमला करने वाली तानाशाह ताकतों के खिलाफ यहां लोग एकत्र हुए हैं.

उन्होंने कहा, ”हम आदिवासियों के संघर्ष और बलिदान की एक लंबी कहानी है. हमें अपने इतिहास पर गर्व है.” कल्पना ने कहा, ”बाबा साहेब (भीम राव आंबेडकर) के संविधान द्वारा प्रदत्त सभी गारंटी को राजग सरकार खत्म कर रही है. एक-एक करके उन्होंने संवैधानिक एजेंसियों को ध्वस्त कर दिया है. बेरोजगारी और महंगाई बढ. रही है तथा सांप्रदायिक वैमनस्य फैल रहा है….” उन्होंने कहा, ”कुछ दल स्वयं को पूर्ण शक्ति वाला समझ सकते हैं, लेकिन वास्तविक शक्ति लोगों के पास है. चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन को वोट दें. अगर आप अपना देश, लोकतंत्र बचाना चाहते हैं तो अपने वोट का उपयोग सोच-समझकर करें.” कल्पना मूल रूप से ओडिशा के मयूरभंज जिले की रहने वाली हैं. उनके पास ‘मास्टर्स इन इंजीनियरिंग’ और एमबीए की डिग्री है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu